बूंदी

जिला अस्पताल में गड़बड़ा गई व्यवस्थाएं, नहीं लगाए कर्मचारी

जिला अस्पताल में एनजीओ के माध्यम से संविदा पर कार्यरत 39 कर्मचारियों को 31 मार्च को हटाने के तीन दिन बाद

2 min read
Apr 04, 2018
Disturbed arrangements in the district hospital, not employed employee

बूंदी. जिला अस्पताल में एनजीओ के माध्यम से संविदा पर कार्यरत 39 कर्मचारियों को 31 मार्च को हटाने के तीन दिन बाद भी कर्मचारियों को नहीं लगाया गया। ऐसे में जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमरा गई। अस्पताल में कर्मचारियों की कमी के चलते रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन समय पर कर्मचारी नियुक्त नहीं करने वाली संस्थाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। तीन दिन से अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमराने के बाद भी अस्पताल प्रशासन एनजीओ संस्था के प्रति मेहरबान हो रहा है। वहीं अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनजीओ संस्था वाले कर्मचारी लगाने के नाम पर मनमानी भी कर रहे हैं। जिससे संविदा पर काम करने वाले कर्मचारी आहत हैं। इस मामले में भी चिकित्सा विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। जबकि कर्मचारी उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित एनजीओ का ठेका निरस्त करने का प्रावधान है।

नहीं कट रही जांच रसीदें, रोगी परेशान
जिला अस्पताल में संविदा पर लगे कर्मचारियों को हटाने के बाद से अस्पताल में जांच रसीदें काटने का कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आउटडोर में स्थित लेब काउंटर पर एक्स रे जांच, ईसीजी, ब्लड बैंक, ऑपरेशन थिएटर की रसीदें नहीं कट रही है।
एक अप्रेल से यहां पर रसीदें काटने का काम बंद है। हांलाकि सोनोग्राफी वाले काउंटर पर जांच रसीदें काटने की व्यवस्था की है, लेकिन वहां तक रोगी नहीं पहुंच पाते। जो रोगी पहुंचते भी हैं तो उन्हें वापस वहीं पर जाने के लिए बोला जा रहा है। ऐसे में रोगी इधर उधर भटकने को मजबूर हैं।

पांच एनजीओ को हुआ ठेका
जिला अस्पताल में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के लिए पांच एनजीओ का ठेका हुआ है। इन एनजीओ के माध्यम से 39 कर्मचारियों को नियुक्ति दी जाएगी। गौरतलब है कि इन एनजीओ को तीन अप्रेल तक कर्मचारियों को नियुक्ति देनी थी। लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को नियुक्ति नहीं दी गई।
जिला अस्पताल, बूंदी के उपनियंत्रक डॉ.ओ.पी. वर्मा का कहना है कि प्लेसमेंट एजेंसी वालों को बुलाया था। उनसे बात हुई है, बुधवार को कर्मचारी लगाने की बात कही है। हमने अनुभवी कर्मचारियों को लगाने की सलाह दी है, ताकि अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित ना हो। वर्तमान में जैसे तैसे काम चला रहे हैं। हमारे पास किसी ने शिकायत नहीं की है।

Published on:
04 Apr 2018 12:29 pm