
बूंदी. सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक पढऩे वाले बच्चों को यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली 600 रुपए की डीबीटी महंगाई के दौर में अभिभावकों के लिए नाकाफी साबित हो रही है। जिले में यूनिफॉर्म सहायता के लिए पात्र 71,963 विद्यार्थियों में से अब तक 41,573 के खातों में ही राशि पहुंची है। वहीं 10,426 पात्र बच्चों को भुगतान का इंतजार है। करीब 20 हजार बच्चों की राशि आधार-जनाधार में नाम, जन्मतिथि अथवा बैंक खाते की लिंकिंग संबंधी खामियों के कारण अटकी हुई है।
गुरु पूर्णिमा पर सरकार की ओर से यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी जारी की गई थी, लेकिन सवाल यह है कि 600 रुपए में दो जोड़ी यूनिफॉर्म कैसे तैयार होंगी? कपड़े और सिलाई के बढ़ते दाम के बीच अभिभावकों को सरकार की ओर से मिलने वाली राशि के अलावा अपनी जेब से भी पैसा खर्च करना पड़ रहा है। कई अभिभावकों का कहना है कि सरकार को सहायता राशि बढ़ानी चाहिए अथवा पहले की तरह स्कूल स्तर पर ही कपड़ा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करनी चाहिए।
सबसे चौंकाने वाली स्थिति तालेड़ा ब्लॉक की है। यहां कक्षा 1 से 8 तक के 7,651 विद्यार्थी पात्र हैं, लेकिन अब तक किसी भी विद्यार्थी को यूनिफॉर्म की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। आधा सत्र बीतने को है, ऐसे में बच्चों को समय पर यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
बूंदी जिले के 1,249 सरकारी स्कूलों के 41,573 विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के जरिए 600-600 रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इसके तहत कुल 2 करोड़ 49 लाख 43 हजार 800 रुपए विद्यार्थियों के खातों में पहुंचाए गए। हालांकि बाजार की मौजूदा कीमतों के मुकाबले यह राशि कम पड़ रही है।
जिले में 71,963 पात्र विद्यार्थियों में से 51,999 का जनाधार वेरिफिकेशन हो चुका है, जो कुल का 72.26 प्रतिशत है। विभाग के अनुसार करीब 20 हजार बच्चों के आधार और जनाधार में नाम, जन्मतिथि या बैंक खाते की ङ्क्षलङ्क्षकग में खामी के कारण भुगतान अटका हुआ है। स्कूल स्टाफ और शिक्षा विभाग इन खामियों को दूर करवाने में जुटा है। दस्तावेज पूरे होने वाले बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर भुगतान किया जा रहा है।
जिले में सरकारी स्कूल: 1,249
कक्षा 1 से 8 तक पात्र विद्यार्थी: 71,963
जनाधार वेरिफिकेशन: 51,999 (72.26त्न)
डीबीटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थी: 41,573
भुगतान शेष पात्र विद्यार्थी: 10,426
प्रति विद्यार्थी सहायता: 600 रुपए
अब तक ट्रांसफर राशि: 2.49 करोड़ रुपए
विद्यार्थियों के आधार-जनाधार ङ्क्षलक का कार्य चल रहा है। खामियों को दूर करवाकर पात्र विद्यार्थियों को भुगतान दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
यशवंत कुमार शर्मा, सहायक निदेशक, समग्र शिक्षा अभियान, बूंदी