बूंदी

Bundi : स्थानांतरण के बाद भी जवान नहीं बदले तो एसपी कार्रवाई करें-मीना

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बीएल. मीणा ने मंगलवार दोपहर जिला मुख्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एसपी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि स्थानांतरण के बाद भी जवान उसी थाना में काबिज रहते हैं तो यह आदेश की अवहेलना है। पुलिस अधीक्षक को ऐसे मामलों में कार्रवाई करनी चाहिए।
2 min read
May 27, 2026
Additional Director General of Police (Traffic)
बूंदी. पुलिस परेड ग्राउंड में क्राइम सीन का निरीक्षण करते अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात)।

बूंदी. अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बीएल. मीणा ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों का निरीक्षण किया गया। डॉ. बीएल. मीणा ने दोपहर में एसपी ऑफिस में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि पुलिस अधीक्षक स्तर स्थानांतरण सूची जारी होने के बाद भी जवान अगर उसी थाने में काबिज रहता है तो यह आदेश की अवहेलना है।
स्थानांतरित थाने में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर जिले में ऐसे कोई मामले है तो संज्ञान में लाए, उन पर कार्रवाई आवश्यक रूप से होगी। वहीं हादसे के मामलों में एडीजीपी ने कहा कि गत वर्ष की तुलना में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट आई है। लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। साथ ही नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाए और वाहन के दस्तावेजों को साथ रखे।

जिले में गत वर्ष की तुलना में अपराध में गिरावट आई है और पेंडेसी में भी कमी आई है। पुलिस पुलिस परेड ग्राउंड सेरेमोनियल परेड का आयोजन किया गया, जिसकी कमान एसपी अवनीश कुमार शर्मा द्वारा संभाली गई। परेड में जिले के समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक एवं थानाधिकारीगण उपस्थित रहे। एडीजीपी द्वारा परेड का निरीक्षण कर सलामी ली गई।

उद्घाटन किया

पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित पुस्तकालय भवन एवं महिला विश्राम गृह का विधिवत उद्घाटन किया गया। इन सुविधाओं के प्रारंभ होने से पुलिस कार्मिकों के बौद्धिक विकास एवं महिला कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होगी।

विभिन्न डेमो का अवलोकन किया

निरीक्षण के दौरान पुलिस बल द्वारा प्रस्तुत विभिन्न ऑपरेशनल डेमो का अवलोकन किया गया, जिनमें स्क्वॉड ड्रिल, रॉयट कंट्रोल ड्रिल, क्राइम सीन मैनेजमेंट डेमो, नाकाबंदी का लाइव डेमो शामिल रहे। इन प्रदर्शनों के माध्यम से पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता एवं आपदा/कानून-व्यवस्था से निपटने की क्षमता का प्रदर्शन किया गया।

पुलिस लाइन का किया निरीक्षण

एडीजीपी द्वारा पुलिस लाइन स्थित विभिन्न इकाइयों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण उपरांत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक संपर्क सभा आयोजित की गई। सभा के दौरान एडीजीपी द्वारा उपस्थित कार्मिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों के बारे में जानकारी ली गई तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

Updated on:
27 May 2026 12:15 pm
Published on:
27 May 2026 12:15 pm