JVVNL Issue Notice To RAS: बूंदी जिले के नैनवां में पदस्थापन के दौरान एक RAS अधिकारी पर सरकारी आवास का बिजली बिल जमा नहीं कराने का मामला सामने आया है। करीब 21 महीनों तक बिल का भुगतान नहीं होने से 61,880 रुपए बकाया हो गए, जिस पर जेवीवीएनएल ने नोटिस जारी किया है।
RAS Shyo Ram: बूंदी के नैनवां के उपखण्ड अधिकारी रहे राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्योराम द्वारा नैनवां में पदस्थापन के समय का उपखण्ड अधिकारी आवास का 21 माह तक बिजली के बिल की राशि जमा ही नहीं कराई गई।
श्योराम सितंबर 2020 से मई 2022 तक नैनवां उपखण्ड अधिकारी रहे थे। उनके कार्यकाल के समय का नैनवां उपखण्ड अधिकारी आवास के घरेलु कनेक्शन बिजली के बिल की 61 हजार 880 रुपए की राशि बकाया निकलने पर जेवीवीएनएल बूंदी खण्ड द्वितीय के अधिशासी अधिकारी संदीप मालवीय ने बकाया राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी किया है।
श्योराम वर्तमान में गंगानगर जिले के श्रीकरणपुर में उपखण्ड अधिकारी है, जिनके नाम यह नोटिस जारी किया है। कार्रवाई के लिए सूचनार्थ नोटिस की एक प्रति गंगानगर जिला कलक्टर को भी भेजी है।
जेवीवीएनएल के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरएएस अधिकारी श्योराम सितंबर 2020 से मई 2022 तक नैनवां के उपखण्ड अधिकारी रहने के दौरान उपखण्ड अधिकारी आवास में रहे थे। उनके रहने के दौरान आवास के विद्युत कनेक्शन का निगम द्वारा प्रतिमाह बिजली का बिल भेजा जाता रहा, लेकिन 21 माह तक बिजली का बिल जमा ही नहीं कराया गया तथा मुफ्त की बिजली जलाते रहे।
बकाया बिल की राशि जमा कराने के लिए निगम ने पूर्व में भी 8 जनवरी को नोटिस भेजा था। उसके बाद भी बकाया राशि जमा नहीं कराई गई। वहीं मामले में तत्कालीन उपखण्ड अधिकारी से मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्पीच ऑफ मिला।
जेवीवीएनएल के अधिशासी अभियंता संदीप मालवीय ने 24 मार्च को वर्तमान में उपखण्ड अधिकारी श्रीकरणपुर पर पदस्थापित श्योराम को भेजे नोटिस में लिखा है कि उपखण्ड अधिकारी नैनवां जिला बूंदी में पदस्थापन समय सितंबर 2020 से मई 2022 की अवधि के दौरान आपके सरकारी आवास पर स्थित घरेलु विद्युत कनेक्शन की 61 हजार 880 रुपए की राशि बकाया है। बकाया राशि को तुरंत प्रभाव से जमा कराए। कार्रवाई के लिए गंगानगर के जिला कलक्टर को भी एक प्रति भेजी गई है।
नैनवां तहसीलदार के सरकारी आवास के विद्युत कनेक्शन पर भी करंट बिल के 31 हजार 914 रुपए बकाया है। राशि जमा नही कराने से तहसीलदार आवास का चार माह पहले ही कनेक्शन काटा हुआ है।