
अवैध कनेक्शन काटता कर्मचारी व इनसेट में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी। फोटो: पत्रिका
टोंक। बिजली निगम की विजिलेंस टीमों ने शनिवार तड़के चार बजे शहर में बड़े स्तर पर बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान करीब 600 अवैध बिजली कनेक्शन हटाए गए जो चोरी से बिजली ले रहे थे।
अभियान के दौरान कुल 158 विजिलेंस चेक रिपोर्ट (वीसीआर) भरी गईं और लगभग 80 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। साथ ही करीब 600 अवैध बिजली कनेक्शन हटाए गए। इस विशेष अभियान में जयपुर और टोंक से कुल 27 टीमें शामिल हुईं।
निगम की टीमों ने पुरानी टोंक के हीरा चौक, शेखों का मोहल्ला, मियां का चौक, महाराणा प्रताप बाजार, धन्ना तलाई, बड़ा कुआं, गुलजार बाग आदि क्षेत्रों में विजिलेंस टीमों ने कार्रवाई की। इन जगहों पर अभियान के चलते हड़कंप मच गया।
विद्युत विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगेगी और राजस्व में वृद्धि होगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अवैध कनेक्शन का उपयोग न करें और बिजली का वैध रूप से उपयोग करें। साथ ही नसीहत देते हुए कहा कि बिजली चोरी करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। निगम के अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी रोकने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
अभियान के दौरान लगभग 350 पुलिसकर्मी तैनात रहे। जिला कलक्टर और पुलिस विभाग ने पूरी सहायता प्रदान की, जिससे कार्रवाई सुचारू रूप से संचालित हो सकी। भारी पुलिस जाब्ते के चलते लोग सहम गए और कहीं पर भी विजिलेंस टीमों को विरोध का सामना नहीं करना पड़ा।
कार्रवाई में विद्युत विभाग के एसई के एल पटेल, जयपुर डिस्कॉम विजिलेंस टीम के डीवाईएसपी अनुराग लाठा, विजिलेंस एक्सईएन विजय सिंह मीणा, जेईएन नवनीत गुर्जर, डिप्टी मृत्युंजय मिश्रा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बिजली चोरी और उसके दुरूपयोग को लेकर पहले भी कार्रवाई की गई है। ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जिन उपभोक्ताओं के बिजली चोरी पाई गई है उनको जुर्माना राशि जमा करवाने के नोटिस जारी किए है। राशि जमा नही करवाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई करेंगे।
-के .एल. पटेल. अधीक्षण अभियंता, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, टोंक।
Updated on:
29 Mar 2026 11:52 am
Published on:
29 Mar 2026 11:52 am
