22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tonk Weather : नौतपा से पहले ही ‘तप’ गया टोंक, चिकित्सा-पशुपालन विभाग का अलर्ट जारी

Tonk Weather : नौतपा की शुरुआत भले ही 25 मई से होनी है। लेकिन उससे पहले ही टोंक जिले में सूरज ने अपने तेवर इतने तीखे कर दिए हैं कि जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होने लगा है।

2 min read
Google source verification
Tonk Weather Prediction heats up before Nautapa medical departments issue alert

टोंक. जिले में तेज गर्मी का दौर जारी है। गुरुवार को घंटाघर क्षेत्र पर पसरा सन्नाटा। फोटो पत्रिका

Tonk Weather : नौतपा की शुरुआत भले ही 25 मई से होनी है। लेकिन उससे पहले ही टोंक जिले में सूरज ने अपने तेवर इतने तीखे कर दिए हैं कि जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होने लगा है। भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली लू के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगी है। हालात ऐसे हैं मानो दोपहर में अघोषित कर्फ्यू लग गया हो। सुबह 10 बजे के बाद ही गर्म हवाओं का असर शुरू हो जाता है और दोपहर होते-होते सड़कें वीरान हो जाती है। बाजारों में ग्राहकी घट गई है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप और तपिश से बचने के लिए लोग सिर ढककर और चेहरे पर कपड़ा बांधकर निकलने को मजबूर हैं।

भारवाहक पशुओं से काम लेने पर होगी कार्रवाई

बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड़ पर है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत ग्रीष्मकाल में पशुओं को हीट स्ट्रोक, निर्जलीकरण और अत्यधिक थकावट से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि घोड़े, गधे, खच्चर, बैल, भैंसा और ऊंट जैसे भारवाहक पशुओं को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में काम में लेना पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पशु मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रातें भी गर्म, लोग बैचेन

मई के अंतिम सप्ताह से पहले ही तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। घरों में कूलर और पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती ने परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम के बदले तेवरों ने आमजन के साथ पशु-पक्षियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी है।

आगामी दिनों की बढ़ी चिंता

जिले में अभी से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्योंकि नौतपा की शुरुआत अभी बाकी है। मौसम जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

पशुपालन विभाग ने भी पशुपालकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए मवेशियों को धूप से बचाने, पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और दोपहर में खुले में नहीं बांधने की सलाह दी है। विभाग ने कहा कि अत्यधिक गर्मी पशुओं के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल सकती है।

ये रहेगा तापमान

डेट अधिकतम न्यूनतम
23 मई 44°C 29°C
24 मई 46°C 30°C
25 मई 46°C 29°C
26 मई 46°C 29°C
27 मई 45°C 29°C

दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलें

भीषण गर्मी और लू को देखते हुए दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बिना जरूरी काम घर से बाहर नहीं निकलें। गर्मी में पर्याप्त पानी पीकर, हल्के सूती कपड़े पहनकर रहें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। लगातार तेज गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी-दस्त और चक्कर आने जैसी समस्याओं के मरीज बढ़ने लगे हैं। अस्पतालों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है।
डॉ. जसवंत चौधरी, चिकित्सक