
फोटो पत्रिका नेटवर्क
टोंक जिले के नगरफोर्ट तहसील मुख्यालय पर रविवार सुबह खेत में रखे विद्युत ट्रांसफार्मर से उतरे करंट की चपेट में आने से किसान पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। थानाधिकारी बाबूलाल मीणा ने बताया कि रमेश गुर्जर पुत्र बद्रीलाल गुर्जर उम्र 37 वर्ष तथा बद्रीलाल गुर्जर पुत्र छितरलाल गुर्जर उम्र 65 वर्ष निवासी नगरफोर्ट रविवार सुबह करीब 8 बजे ट्रैक्टर लेकर खेत पर चारा लेने गए थे। इसी दौरान खेत में रखे ट्रांसफार्मर से करंट उतरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शी दिनेश ने बताया कि रमेश गुर्जर की पत्नी पशु लेकर खेत पर पहुंची तो उसे करंट का झटका लगा। उसने देखा कि ट्रांसफार्मर के पास उसके पति और ससुर खेत में पड़े हुए हैं। आसपास कोई नहीं होने पर वह दौड़कर दूसरे खेत में मौजूद दिनेश के पास पहुंची। इसके बाद लाइनमैन को सूचना देकर बिजली कटवाई गई तथा पुलिस और परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को नगरफोर्ट अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक रमेश गुर्जर के एक 12 वर्षीय पुत्री और 8 वर्षीय पुत्र हैं। परिवार का पालन पोषण खेती से ही होता था। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना के बाद मौके पर कोई विद्युत कर्मचारी नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश दिखाई दिया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। नगरफोर्ट पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर अस्पताल पहुंचाया तथा दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
Published on:
17 May 2026 06:04 pm
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
