18 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Tonk News : टोंक के इन गांवों को मिलेगी बड़ी राहत, ₹5.51 करोड़ की लागत से बनेगी पानी की टंकी

Tonk News : टोंक के वनस्थली, मोतीपुरा और हरिपुरा के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। वनस्थली के गांव मोतीपुरा में 5.51 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली पानी की टंकी का भूमि पूजन किया गया।

2 min read
Google source verification
Tonk These villages big relief ₹5.51 crore cost built water tank Motipura

Tonk News : पानी की टंकी के निर्माण का भूमि पूजन करते विधायक। फोटो पत्रिका

Tonk News : टोंक के वनस्थली में ग्रामीणों को पेयजल समस्या से राहत दिलाने के लिए गांव मोतीपुरा में 5 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पानी की टंकी का भूमि पूजन विधायक रामसहाय वर्मा ने किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पानी की टंकी आगामी नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगी। इसके निर्माण से वनस्थली, मोतीपुरा और हरिपुरा के ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

विधायक रामसहाय वर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वे 24 घंटे आमजन की सेवा के लिए तत्पर हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र-गौशाला निर्माण कराने का आश्वासन

विधायक ने वनस्थली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गौशाला निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया। साथ ही राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों का संचालन शुरू करवाने की बात कही। उल्लेखनीय है कि वनस्थली में पिछले छह वर्षों से रोडवेज बस सेवा बंद है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

ग्रामीणों ने इस मुद्दे को लेकर विधायक के सामने रोष भी जताया। ग्रामीणों ने गत वर्ष आई बाढ़ जैसी स्थिति का उल्लेख करते हुए इस वर्ष जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग भी रखी।

मौके पर मौजूद थे ये सभी

इस अवसर पर डांगरथल मंडल अध्यक्ष केदार दोहन, विनोद अग्रवाल, रमेश शर्मा, कालू लुनिया, जीतू वर्मा, रामकरण हरसाणा, रविकांत पुरोहित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

मंत्री नहीं पहुंचे

कार्यक्रम में जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी को भी शामिल होना था, लेकिन जरूरी कार्य के कारण वे नहीं पहुंच सके। इसके बाद विधायक रामसहाय वर्मा ने ही भूमि पूजन कर कार्यक्रम का समापन किया।

चौपाल में गूंजी ग्रामीणों की समस्याएं

वहीं मालपुरा उपखंड की चांदसेन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शनिवार रात्रि को जन जागरूकता ग्राम विकास रथ अभियान के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की वर्चुअल ग्राम विकास चौपाल एवं लाभार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल मंत्री कन्हैया लाल चौधरी तथा जिला कलक्टर टीना डाबी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बगरू के ठीकरिया ग्राम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में आयोजित ग्राम रथ समापन समारोह को संबोधित किया। ग्राम पंचायत चांदसेन में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में ग्रामीणों ने इसका लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, जिला कलक्टर टीना डाबी समेत जिले के आला अधिकारी भी जुड़े।