
Bundi : बूंदी के आजाद पार्क स्थित नेहरू उद्यान से देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा हटाने का मामला अब प्रदेश से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। प्रतिमा हटाने की कार्रवाई पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने राज्य सरकार की सोच को संकीर्ण मानसिकता वाला बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने भी इस कार्रवाई की निंदा करते हुए सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
एआईसीसी महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य चर्मेश शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को हुए विरोध-प्रदर्शन की खबर के साथ सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा हटाना शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने प्रतिमा को बूंदी के नेहरू उद्यान आजाद पार्क में पुनः ससम्मान स्थापित करने की मांग की। सचिन पायलट ने इसे राज्य सरकार की संकीर्ण मानसिकता का परिचायक बताया।
कांग्रेस कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से प्रतिमा हटाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। नेहरू का पूरा जीवन देश के लिए समर्पित रहा। आजादी की लड़ाई और स्वतंत्र भारत के निर्माण में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेहरू की प्रतिमा हटाया जाना इतिहास मिटाने की कोशिश है, जिसे जनता माफ नहीं करेगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पीसीसी सदस्य चर्मेश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आजाद पार्क पहुंचकर प्रतिमा हटाने का विरोध किया था। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से तीखी बहस हुई। कार्यकर्ताओं ने जेसीबी पर चढ़कर काम रुकवाया और कोतवाली में रिपोर्ट देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा ने भी चेतावनी दी कि प्रतिमा पुनः स्थापित नहीं होने पर जिला कांग्रेस कमेटी आंदोलन करेगी।