
बूंदी. सरकारी नौकरी में घर के नजदीक नौकरी करने का आकर्षण ऐसा है कि बूंदी के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में डेपुटेशन के लिए मची होड़ ने रेकॉर्ड तोड़ दिए। स्कूल में खाली पड़े 7 पदों के लिए शिक्षा विभाग के पास 274 आवेदन पहुंच गए हैं। यानी हर एक सीट के लिए 39 दावेदार। वरीयता के आधार पर चयन होना है, पर आवेदनों का अंबार देखकर अधिकारी खुद उलझन में हैं कि किसे अवसर दें और किसे लौटाएं। प्रदेश के हर जिले से अभ्यर्थियों द्धारा आवेदन किए गए। मामला इतना पेचीदा हुआ कि एक अभ्यर्थी के लिए एक साथ साथ तीन-तीन अधिकारियो को इंटरव्यू के लिए बैठना पड़ा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
फिलहाल 7 सीटों की इस जंग में 267 अभ्यर्थियों का सपना टूटना तय है। अब देखना यह है कि पांच सदस्यीय टीम किसे ‘भाग्यशाली’ चुनती है। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल का यह डेपुटेशन प्रकरण शिक्षा विभाग के लिए सिरदर्द बन गया है। जिले में चार स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल है।
जानकारी के मुताबिक स्कूल में 2 कनिष्ठ सहायक, 3 कंप्यूटर अनुदेशक और 2 थर्ड ग्रेड लेवल-1 के पद डेपुटेशन पर भरे जाने थे। जनवरी-फरवरी में विभाग द्वारा ऑनलाइन आवेदन शाला दर्पण स्टॉफ लॉगिन से भारवाए गए थे। जैसे नोटिस निकले वैसे ही जिले भर से आवेदन की बाढ़ आ गई। कनिष्ठ सहायक की 2 सीट पर 5 से ज्यादा, कंप्यूटर अनुदेशक की 3 सीट पर 11 और थर्ड ग्रेड की 2 सीट पर 258 से अधिक आवेदन जमा हुए। अधिकांश अभ्यर्थी दूरदराज जिलों के स्कूलों से यहां ट्रांसफर चाह रहे हैं, क्योंकि मॉडल स्कूल में सुविधाएं और शहर की लोकेशन आकर्षण का केंद्र है।
शिक्षा विभाग ने उपरोक्त अभ्यर्थियों के साक्षात्कार के लिए पांच दल गठित किए, जिसमें प्राचार्य से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी तक के व्यक्ति शामिल थे। सभी अधिकारियों ने अंक प्रदान करके दस्तावेज जिला स्तरीय चयन समिति को सौंप दिए है। अब अंतिम फैसला जिला स्तरीय चयन समिति वरीयता के आधार पर लेगी। इसमें देखने की बात यह होगी कि आखिर किसकी किस्म्त के द्धार खुलते है और किसके हाथ निराशा लगती है।
साक्षात्कार की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब चर्चा आम हो रही है कि इतनी मारामारी के बीच अब ‘सेङ्क्षटग का खेल भी शुरू हो गया है। कुछ नेताओं-सिफारिशों के फोन भी घूम रहे हैं। कुछ अभ्यर्थीयो ने मंत्री स्तर की सिफारिश भी करवाई है, लेकिन देखना है की इस खेल में कौन बाजी मारेगा।
अभ्यर्थियों से ऑनलाइन गूगल मीट पर साक्षात्कार के दौरान अंग्रेजी विषय की दक्षता, विषय ज्ञान और विभागीय योजनाओं के बारे में प्रश्न पूछे गए। क्योंकि मॉडल स्कूल इंग्लिश मीडियम होते है। साथ ही 10 अंक उन अभ्यर्थी को दिए गए, जो वर्तमान में बूंदी जिले में कार्यरत है और यहीं के लिए लिए ही आवेदन किया है।
स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल में सात खाली पदों के लिए 274 आवेदन आए है। इनके साक्षात्कार पूर्ण होने के बाद रिपोर्ट को निदेशालय भेज दिया गया है। प्रदेश के हर जिले से आवेदन किए गए है।
धनराज मीणा, सहायक निदेशक,मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय,बूंदी