बूंदी

पानी के लिए कलक्ट्रेट के गेट पर फोड़ी मटकियां

शहर के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के आस-पास की बस्ती में जल संकट दूर नहीं हो रहा।
2 min read
Aug 10, 2018
Water boats at the gate of the collectorate for water
पानी के लिए कलक्ट्रेट के गेट पर फोड़ी मटकियां

बूंदी. शहर के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के आस-पास की बस्ती में जल संकट दूर नहीं हो रहा। यहां बस्ती के लोगों को पीने का पानी भी मुहैया नहीं हो रहा। वह इस मांग को लेकर बीते दिनों बूंदी-डाइट मार्ग पर जाम भी लगा चुके। सुनवाई नहीं हुई तो गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन कर मटकियां फोड़ी।

सुबह बड़ी संख्या में ढंड के आस-पास की बस्ती के लोग हायर सैकण्डरी स्कूल मैदान में एकत्र हुए। जहां से जुलूस के रूप में जिला कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां बस्ती के लोगों ने बताया कि ५ अगस्त को भी वह अपनी पीड़ा लेकर आए थे, तब उन्हें समस्या के समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन चार दिन बीतने के बाद भी पानी की व्यवस्था नहीं गई।

विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जिला कलक्ट्रेट के मुख्य दरवाजे पर नारेबाजी कर मटकियां फोड़ी। बाद में ज्ञापन सौंपा। शिवसेना हिन्दुस्तान जिला प्रभारी रामदयाल मीना ने बताया कि पहले भी पानी की समस्या को लेकर ज्ञापन दिया जा चुका, लेकिन अधिकारी हैं जो कोई सुनवाई ही नहीं कर रहे।

हाल यह हैं कि महिलाओं को पीने का पानी भी दो किलोमीटर दूर से लाना पड़ रहा है। जिससे लोग मजदूरी पर भी नहीं जा पा रहे। बच्चे भी स्कूल नहीं जा पा रहे।
मोहल्ïले में ५ नलकूप लगे हुए हैं जिनमें से तीन खराब हो गए हैं। दो नलकूप का जलस्तर पाताल में चला गया। ऐसे में उन्हें टैंकर से पानी मुहैया कराया जाए। इस दौरान सोभागमल, राकेश, कालूलाल, धन्नालाल, रामप्यारी, अशोक मीणा, राजू मीणा आदि सहित कई जने मौजूद थे।

मासिक कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता शिविर १२ को
बंूदी. जिला प्रशासन व जिला रोजगार कार्यालय की ओर से १२ अगस्त को राजकीय सीनियर सैकण्डरी स्कूल परिसर में मासिक कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता शिविर का आयोजन किया जाएगा।

जिला रोजगार अधिकारी राजकुमार मीणा ने बताया कि शिविर में बेरोजगार आशार्थियों का निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा निजी कम्पनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए चयन किया जाएगा। शिविर में कोई बेरोजगार आशार्थी सम्मिलित हो सकता है। शिविर में लाभान्वित होने के लिए अपने दो पासपोर्ट साइज के फोटो, बायोडेटा, योग्यता संबंधी अंक तालिकाएं, प्रमाण पत्र आदि साथ लाएं।

Published on:
10 Aug 2018 04:16 pm