
रामगंज बालाजी (बूंदी): बूंदी जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे स्थित रामगंज बालाजी बायपास पर शनिवार दोपहर एक होटल के बाहर उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति को होटल में एक दूसरी लड़की के साथ पकड़ लिया। महिला लड़की को होटल से घसीटते हुए बाहर लेकर आई और उसके साथ मारपीट की। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग होटल के बाहर जमा हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। घटनाक्रम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस सभी संबंधित लोगों को थाने लेकर आ गई।
बताया जा रहा है कि होटल में लड़की के साथ पकड़ा गया व्यक्ति पेशे से डॉक्टर है। घटना के दौरान महिला का डॉक्टर पति इधर-उधर भागता नजर आया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला पिछले कई दिनों से अपने पति की रेकी कर रही थी। शनिवार को उसने परिवारजनों के साथ होटल पहुंचकर अपने पति को लड़की के साथ पकड़ लिया। इसके बाद होटल में हंगामा हो गया और महिला लड़की को बाहर लेकर आई।
घटना के बाद मामले को लेकर पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। महिला थाना बूंदी के थानाधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि अभद्रता करने का परिवाद सौंपा गया है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने मौके पर हुए घटनाक्रम की जानकारी होने से इनकार किया। घटना के बाद होटल के बाहर हुए हंगामे और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला चर्चा में है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।