Iran-Israel War : राहत की खबर ये है कि, शहर के दोनों परिवारों के सदस्य दुबई में जिस जगह ठहरे हैं, वहां अबतक कोई हमले नहीं हुए हैं। परिवारों से बातचीत के बाद थोड़ी राहत मेहसूस की है
Iran-Israel War : ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के दौरान ईरान द्वारा दुबई पर मिसाइली हमले किए जाने के चलते मध्य प्रदेश के सैकड़ों लोगों की तरह बुरहानपुर के भी दो परिवारों ने वहां फंसकर शहर में चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, दुबई घूमने गए लोगों के परिवार लगातार उनसे संपर्क बनाए रखने में जुटे हुए हैं। हालांकि राहत की खबर ये आई कि परिवार के सदस्य दुबई में जिस जगह ठहरे हैं, वहां अबतक किसी तरह के हमले नहीं हुए हैं। परिवारों से बातचीत के बाद थोड़ी राहत मेहसूस की है।
राजपुरा में रहने वाले टेक्सटाइल व्यापारी अमित जैन ने बताया कि, उनके माता-पिता राजेंद्र कुमार जैन व सरिता देवी जैन व उनके मित्र के माता-पिता हरेंद्रमल लोढा व सुमन लोढा घूमने के लिए 23 फरवरी को दुबई पहुंचे हैं। वापसी 3 मार्च को होनी है। दुबई में हमले की खबर के बाद जब परिवार से चर्चा की तो पता चला दुबई में परिवार जहां घूम रहा है, वहां किसी भी तरह के हमले नहीं हो रहे हैं, इसलिए चिंता की बात फिलहाल नहीं है, लेकिन दुबई के सातों एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। यह 2 मार्च तक बंद रखने का निर्णय वहां की सरकार ने लिया है। इसके बाद आगे निर्देश जारी किए जाएंगे। सरकार ने ये भी घोषणा की है कि, जो टूरिस्ट तारीख निकलने के बाद भी दुबई में रह जाएंगे उनके ठहरने की व्यवस्था सरकार करेगी।
अमित जैन ने बताया कि, उनके माता-पिता की वापसी 3 मार्च की है, लेकिन एयरपोर्ट की स्थिति पर निर्भर है। परिवार से चर्चा में बताया कि हमले अमेरिका एयरबेस और मिलिट्री पाइंट पर हुए हैं, किसी भी तरह के हमले सार्वजनिक स्थल पर नहीं है।
बता दें कि अमेरिका-इजराइल का ईरान पर लगातार दूसरे दिन हवाई हमला जारी है। ईरान भी इजराइल और मिडिल ईस्ट के 8 देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर रहा है। मिडिल ईस्ट के देशों में इस जंग के कारण हालात बिगड़े हुए हैं। एयरस्पेस बंद होने का असर भारत पर भी दिख रहा है। कई भारतीय दुबई में फंसे हुए हैं।