कारोबार

PM Modi से मिले Amazon के CEO Andy Jassy, 2030 तक भारत में 48 अरब डॉलर का निवेश करेगी कंपनी, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

Foreign Investment in India: भारत में अमेजन के CEO ने 13 बिलियन डॉलर के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है। इस नए निवेश से हैदराबाद और मुंबई में कंपनी के AWS रीजन को विकसित किया जाएगा। इससे भारत के लोगों को दुनियाभर के एडवांस्ड AI और क्लाउड टेक्नोलॉजी का एक्सेस मिलेगा।
2 min read
Jun 25, 2026
Amazon CEO Andy Jassy
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एंडी जेसी (PC: X Account of Andy Jassy)

Amazon के CEO एंडी जेसी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने के बाद एक अहम घोषणा की। भारत में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए कंपनी ने एक बार फिर अपनी रुचि दिखाई है। उन्होंने भारत में 2030 तक AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 13 बिलियन डॉलर के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की। यह निवेश पिछले साल घोषित किए गए 35 बिलियन डॉलर के निवेश के साथ मर्ज किया जाएगा। इस तरह से कुल 48 बिलियन डॉलर का निवेश हो जाएगा।

मुंबई और हैदराबाद में होगा निवेश

अमेजन ने बताया कि उसका 13 बिलियन डॉलर का निवेश मुंबई और हैदराबाद में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। इससे स्टार्टअप, उद्योग और सरकारी संगठनों को कस्टम AI चिप्स, मैनेज्ड AI सेवाएं, सुरक्षित क्लाउड तकनीक और डेवलपर टूल्स उपलब्ध होंगे। कंपनी का कहना है कि इससे भारतीय संस्थाएं तेजी से काम कर सकेंगी। अपने कारोबार का विस्तार करने के साथ-साथ ग्लोबल कस्टमर्स तक पहुंच बना सकेंगी।

उन्होंने कहा कि अमेजन एक दशक से अधिक समय से भारत में काम कर रही है और उसे ग्राहकों, विक्रेताओं, डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और कंपनियों से शानदार रिस्पॉन्स मिला है। खासतौर पर ई-कॉमर्स, AI और क्लाउड सेक्टर में मजबूत वृद्धि देखने को मिली है।

रोजगार और बिजनेस दोनों को बढ़ावा देने का प्लान

एंडी जेसी ने कहा कि वर्ष 2010 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल निवेश 88 अरब डॉलर से अधिक पहुंच जाएगा। यह निवेश ई-कॉमर्स, क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मनोरंजन सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है। इससे 2030 तक 3.8 मिलियन जॉब्स को सपोर्ट मिलेगा। इसके साथ ही 15 मिलियन छोटे व्यवसायों को और 4 मिलियन स्कूल के छात्रों को AI का लाभ मिलेगा।

भारत में ही सुरक्षित रहेगा डेटा

कंपनी के अनुसार, उसके दोनों अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) सेंटर ग्राहकों को अपना डेटा भारत में ही सुरक्षित रखने की सुविधा देंगे। साथ ही उन्हें दुनिया के एडवांस्ड AI और क्लाउड टेक्नोलॉजी का एक्सेस देते हैं। इनमें हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनियम चिप्स और अमेजन का प्रमुख AI इंफरेंस इंजन ‘अमेजन बेडरॉक’ भी शामिल है।

टेक कंपनियों का भारत पर बढ़ता भरोसा

भारत AI और क्लाउड टेक्नोलॉजी का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। माइक्रोसॉफ्ट ने भारत में AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 17.5 बिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की है, जबकि गूगल अगले पांच सालों में AI डेटा सेंटर बनाने के लिए 15 अरब डॉलर निवेश करने की इच्छा जता चुका है। अभी हाल ही में मेटा ने भारत में अपना पहला AI-सक्षम डेटा सेंटर बनाने के लिए निवेश किया है।

Updated on:
25 Jun 2026 04:34 pm
Published on:
25 Jun 2026 03:35 pm