LPG Shortage: ऑफिसों के फूड कोर्ट में सिलेंडर या तो आ नहीं रहे हैं या उन्हें बहुत ज्यादा लागत चुकानी पड़ रही है। ऐसे में कंपनियों को कई बदलाव करने पड़ रहे हैं।
LPG Shortage: दुनियाभर में इस समय तेल और गैस का संकट देखने को मिल रहा है। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध से सप्लाई चेन बाधित हुई है। भारत में भी एलपीजी संकट देखने को मिल रहा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर्स की बड़ी शॉर्टेज है। वहीं, घरेलू सिलेंडर भी देरी से मिल रहे हैं। इसका असर ऑफिसों की कैंटीन पर भी पड़ रहा है। या तो सिलेंडर मिल नहीं रहे हैं या बहुत महंगे मिल रहे हैं। ऐसे में कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों के लिए कुछ अस्थायी बदलाव किये हैं।
देश की दिग्गज आईटी कंपनी इन्फोसिस ने अपने फूड कोर्ट के मेन्यू में बदलाव किया है। कर्मचारियों को एडवाइजरी जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। मेन्यू में बदलाव के पीछे भी एलपीजी संकट ही है। वहीं, चेन्नई में एचसीएल टेक ने अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम करने को कहा है। एलपीजी संकट के चलते कंपनियां इस तरह के अस्थायी कदम उठा रही हैं।
बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे में इन्फोसिस ने अपने कर्मचारियों को एडवाइजरी भेजी है। इसमें बताया गया है कि गैस संकट के चलते फूड कोर्ट का संचालन प्रभावित रहेगा। कंपनी ने बेंगलुरु कैंपस के कर्मचारियों को कहा, 'जैसा कि आप जानते हैं, इस समय कमर्शियल एलपीजी की उपलब्धता को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण है। इस वजह से 12 मार्च से फूड कोर्ट के संचालन में बदलाव किया जा रहा है। कुछ आइटम सीमित किए जाएंगे और अगले आदेश तक लाइव काउंटर बंद रहेंगे।'
वहीं, पुणे कैंपस के कर्मचारियों से कहा गया कि कुछ खाना बाहरी सेंट्रल किचन से लिया जाएगा। इसके अलावा इंडक्शन का उपयोग बढ़ाया जा रहा है। कंपनी ने कर्मचारियों से यह भी कहा कि वे कैंपस में ऐसे आयोजन करने से बचें, जिनमें इंटरनल कैटरिंग की जरूरत हो। इसके अलावा चेन्नई कैंपस में फूड कोर्ट से कुछ आइटम अस्थायी रूप से हटाए जा रहे हैं।
एचसीएलटेक ने अपने चेन्नई ऑफिस के कर्मचारियों को 12 और 13 मार्च को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी है। मिंट की एक रिपोर्ट में एक कंपनी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि चेन्नई कैंपस में कई कैफेटेरिया वेंडर एलपीजी की कमी के कारण अपना संचालन नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी गई।