कारोबार

Multibagger Stock: सिर्फ 3 हफ्ते में 1 लाख के कर दिए 2 लाख, आज भी लगा अपर सर्किट, जानें Amrapali Industries का रेवेन्यू और मुनाफा

Amrapali Industries के शेयरों में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन तेजी रही और स्टॉक 5% अपर सर्किट के साथ नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। एक हफ्ते में शेयर 89% उछल चुका है।

2 min read
Jun 12, 2026
Amrapali Industries Share Price
Amrapali Industries के शेयर में अपर सर्किट लगा है। (PC: AI)

Amrapali Industries Share Price: शेयर बाजार में इन दिनों अमरपाली इंडस्ट्रीज का नाम काफी चर्चा में है। शुक्रवार, 12 जून को कंपनी का शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 35.09 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर बंद हुआ है। लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में आई तेजी ने इस स्मॉलकैप शेयर को चर्चा में ला दिया है। सिर्फ एक सप्ताह के भीतर ही शेयर में करीब 89 फीसदी की उछाल दर्ज की गई है। वहीं, पिछले तीन हफ्तों की परफॉर्मेंस देखें तो स्टॉक लगभग दोगुना हो चुका है। ऐसे समय में जब बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है, अमरपाली इंडस्ट्रीज अपने निवेशकों को बढ़िया मुनाफा दे रहा है।

बीएसई ने पूछा सवाल

कंपनी के शेयर में आई इस असामान्य तेजी पर बीएसई की भी नजर गई है। एक्सचेंज ने 11 जून को कंपनी से शेयर कीमत में अचानक आई तेज बढ़त को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया था। शेयर में आई इस तेजी के पीछे कोई बड़ा कॉरपोरेट ऐलान या नया ट्रिगर सामने नहीं आया है। इसके बावजूद शेयर में ट्रेडिंग वॉल्यूम लगातार बढ़ रही है, जिससे खरीदारी का माहौल बना हुआ है। शेयर में मार्च से शुरू हुई तेजी अब रफ्तार पकड़ चुकी है।

2026 में 144% चढ़ चुका है शेयर

करीब एक साल तक सुस्त रहने के बाद मार्च 2026 से इस शेयर में नई जान दिखाई देने लगी। मार्च महीने में कंपनी का शेयर 31 फीसदी चढ़ा। अप्रैल में भी यह तेजी जारी रही और शेयर ने 5 फीसदी की बढ़त दर्ज की। लेकिन असली खेल जून में शुरू हुआ। जून महीने में अब तक शेयर करीब 95 फीसदी उछल चुका है। यही वजह है कि साल 2026 में अब तक स्टॉक का कुल रिटर्न 144 फीसदी तक पहुंच गया है।

6 साल में 1,000% से ज्यादा रिटर्न

अमरपाली इंडस्ट्रीज का इतिहास बताता है कि यह शेयर पहले भी अच्छा रिटर्न दिखा चुका है। साल 2021 में इसने 533 फीसदी रिटर्न दिया था, जो लिस्टिंग के बाद का सबसे बड़ा उछाल था। वहीं साल 2007 में भी शेयर करीब 297 फीसदी चढ़ा था। अगर मार्च 2020 के निचले स्तर 3 रुपये से तुलना करें तो शेयर अब तक 1,066 फीसदी से ज्यादा उछल चुका है। पिछले दो साल में इसमें 147 फीसदी, तीन साल में 171 फीसदी और पांच साल में करीब 653 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।

मार्च तिमाही में कंपनी का परफॉर्मेंस कैसा रहा?

कंपनी के वित्तीय नतीजों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। मार्च 2026 तिमाही में परिचालन से आय बढ़कर 18,015.20 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 3,253.09 करोड़ रुपये थी। यानी सालाना आधार पर कारोबार में करीब 454 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

कंपनी का शुद्ध लाभ भी तेजी से बढ़ा। मार्च तिमाही में मुनाफा 8.75 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में सिर्फ 1 करोड़ रुपये था। इस तरह मुनाफे में लगभग 774 फीसदी की छलांग दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें, तो कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर 48,417.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 5,677.75 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर करीब 89 फीसदी की बढ़त हुई।

Published on:
12 Jun 2026 05:28 pm