Ashneer comments on Smriti Mandhana: भारतपे के पूर्व को-फाउंडर अशनीर ग्रोवर ने क्रिकेटर स्मृति मंधाना के शादी विवाद पर तंज कसा है। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड स्टार्स को भी निशाना बनाया है। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
Ashneer Grover latest controversy: अपने बयानों से 'आग' लगाने वाले अशनीर ग्रोवर एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल (Smriti Mandhana-Palash Mucchal Marriage Dispute) पर तंज कसा है। भले ही ग्रोवर ने सीधे तौर पर दोनों का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा वही थे। मालूम हो कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी हाल ही में नाटकीय अंदाज में टूट गई थी। इसके अलावा, अशनीर ने बॉलीवुड को लेकर भी बहुत कुछ ऐसा कहा है, जो खान ब्रदर्स का मूड बिगाड़ सकता है।
अशनीर ग्रोवर ने एक कॉमेडी वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में वह अभिनेता राजेश यादव और संयम शर्मा के साथ नजर आ रहे हैं। आजकल की महंगी शादियों और उसमें बॉलीवुड कलाकारों की परफॉर्मेंस पर तंज कसने के लिए बनाए गए इस वीडियो में क्रिकेटर स्मृति मंधाना सहित फिल्मी सितारों को भी निशाना बनाया गया है। वीडियो में संयम दुल्हन के पिता की भूमिका निभा रहे हैं। वह कहते दिखाई देते हैं - मेरी दो बेटियां हैं और मेरी दूसरी बेटी की तीसरी शादी हो रही है। कुछ ऐसा इंतजाम कीजिए कि इस शादी से हम मशहूर हो जाएं।
बजट के सवाल पर संयम पहले 1000 करोड़ कहते हैं और जब अशनीर इससे सहमत नहीं होते, तो वह बढ़ाकर 2 हजार करोड़ कर देते हैं। इसके बाद शुरू होता है बेतुकी मांगों का सिलसिला। ओयो में शादी, बॉलीवुड के बेतुके लोग, खान परिवार की कम हाइट और स्मृति की शादी का टूटना। मजाक के नाम पर तीनों बहुत कुछ ऐसा कह जाते हैं, जो शायद ज्यादातर लोगों को पसंद न आए। वीडियो में संयम को कहते दिखाया गया है कि मेरी बेटी को गिरे हुए लोग पसंद हैं। इस पर अशनीर, राजेश से बॉलीवुड सेलेब्स की लिस्ट दिखाने को कहते हैं।
संयम की तरफ से जब कहा जाता है कि दूल्हे की लंबाई कम है, इसलिए शादी में उसी के जैसे सुपरस्टार चाहिए, तो राजेश का जवाब आता है - हमारे पास खान परिवार की लिस्ट है। हम बॉडी शेमिंग नहीं करते... लेकिन आप समझ गए ना। वीडियो में कारण जौहर, फिल्म निर्देशक एस.एस. राजमौली, बादशाह और हनी सिंह का भी जिक्र है।
वीडियो के आखिरी में तीनों स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल के शादी विवाद पर तंज कसते हैं। संयम की तरफ से जब शादी में कोरियोग्राफर के बारे में पूछा जाता है, तो राजेश और अशनीर इससे मना कर देते हैं। वह कहते हैं - हम कोरियोग्राफर नहीं देते, इससे शादी टूट जाती है और हमारा पेमेंट अटक जाता है। इसके बाद संयम बल्ला चलाने का इशारा करते हैं, जो सीधे तौर पर स्मृति-पलाश के शादी विवाद को दर्शाता है। अशनीर और राजेश इस इशारे के जवाब में सहमति जताते हैं। गौरतलब है कि अशनीर अपने बयानों को लेकर पहले भी सुर्खियों में बने रहे हैं। भारतपे के पूर्व को-फाउंडर का अपनी कंपनी से भी काफी विवाद चला है।