
Asian Paints Q1 Profit: एशियन पेंट्स ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही का रिजल्ट जारी कर दिया है। कंपनी को 30 जून को समाप्त हुई तिमाही में 1539 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध मुनाफा दर्ज हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1100 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह इसमें 40 फीसदी का उछाल दर्ज हुआ है। कंपनी का परिचालन से राजस्व भी 18 फीसदी बढ़कर 10,542 करोड़ रुपये हो गया है। यह एक साल पहले की समान अवधि में 8,939 करोड़ रुपये था। स्टैंडअलोन आधार पर बात करें, तो कंपनी का परिचालन राजस्व 17 फीसदी बढ़कर 9,183.4 करोड़ रुपये रहा है। जबकि शुद्ध मुनाफा 34 फीसदी बढ़कर 1478.4 करोड़ रुपये रहा।
टैक्स से पूर्व मुनाफा (PBT) साल दर साल आधार पर 39 फीसदी बढ़कर 2,096 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान अवधि में 1509 करोड़ रुपये था। वहीं, PBDIT सालाना आधार पर 33 फीसदी बढ़कर 2,169 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1625 करोड़ रुपये था। वहीं, PBDIT मार्जिन 18.2 फीसदी से बढ़कर 20.6 फीसदी हो गया।
एशियन पेंट लिमिटेड के सीईओ और एमडी अमित सिंगले ने कहा, 'हमने वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत अच्छे नतीजों से की है। हमने पिछली तिमाही के मोमेंटम को आगे बढ़ाया है और सभी कारोबारों में मजबूत परफॉर्मेंस दी है। डेकोरेटिव बिजनेस 9 फीसदी की हेल्दी वॉल्यूम ग्रोथ के साथ आगे बढ़ा है। सही प्राइसिंग फैसलों के चलते वैल्यू के हिसाब से 16.6 फीसदी की मजबूत ग्रोथ दर्ज हुई है।' कच्चे माल की लागत बढ़ने के चलते एशियन पेंट्स ने अपने उत्पादों की कीमतों में करीब 12 फीसदी का इजाफा किया था।
एशियन पेंट का शेयर बुधवार को हरे निशान पर बंद हुआ है। यह एनएसई पर 0.91 फीसदी या 24.80 रुपये की बढ़त के साथ 2,761 रुपये पर बंद हुआ है। सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह ने बताया कि इस शेयर ने एक हफ्ते में 2.31 फीसदी, 1 महीने में 3.69 फीसदी, इस साल अब तक 0.11 फीसदी और बीते एक साल में 14.72 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर ने 3 साल में -18.75 फीसदी और 5 साल में -8.09 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर का 52 वीक हाई 2,985.70 रुपये है, जो 4 दिसंबर 2025 को दर्ज हुआ था। वहीं, 52 वीक लो 2,115 रुपये है, जो 23 मार्च 2026 को दर्ज हुआ था। कंपनी का मार्केट कैप 2,64,364.50 करोड़ रुपये है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)