
दुकान के नाम और लोगो वाले कैरी बैग के लिए ग्राहक से 20 रुपये वसूलना शराब कारोबारी को भारी पड़ गया। बेंगलुरु की जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने इसे अनुचित व्यापार व्यवहार और सेवा में कमी माना है। आयोग ने शराब की दुकान टॉनिक (Tonique) को ग्राहक के 20 रुपये लौटाने के साथ 5,000 रुपये मुआवजा और 3,000 रुपये मुकदमे का खर्च देने का आदेश दिया है। यह मामला बेंगलुरु के बागलगुंटे निवासी 33 वर्षीय तीर्थेश बीएस से जुड़ा है। उन्होंने 3 जून 2025 को कस्तूरबा रोड स्थित टॉनिक नाम की शराब की दुकान से 2,170 रुपये की शराब खरीदी थी। बोतलें टूटने का डर था, इसलिए उन्होंने दुकान से सामान ले जाने के लिए कैरी बैग मांगा। दुकान ने उन्हें अपना नाम, लोगो और प्रचार संबंधी जानकारी छपा हुआ बैग दिया। इसके लिए उसी समय 20 रुपये का अलग बिल भी बना दिया।
तीर्थेश का कहना था कि जिस बैग पर दुकान का नाम और लोगो छपा है, उसके लिए ग्राहक से पैसे लेना गलत है। उन्होंने इस चार्ज का विरोध किया, लेकिन दुकान के कर्मचारियों ने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया। शराब की बोतलों को सुरक्षित ले जाने के लिए उनके पास बैग खरीदने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। इसलिए उन्हें 20 रुपये देने पड़े। इसके बाद 17 जून को उन्होंने उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। तीर्थेश ने 20 रुपये वापस दिलाने के साथ सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार के लिए 25,000 रुपये मुआवजे की मांग की थी।
आयोग की ओर से नोटिस भेजे जाने के बावजूद टॉनिक का प्रबंधन न तो सुनवाई में पेश हुआ और न ही उसने अपना जवाब दाखिल किया। इस कारण आयोग ने मामले की सुनवाई दुकानदार की गैरमौजूदगी में आगे बढ़ाई। हालांकि, बाद में दुकानदार के वकील ने लिखित दलीलें पेश कीं। दुकान की ओर से कहा गया कि ग्राहक जब कैरी बैग मांगते हैं तो उन्हें पहले ही इसकी कीमत बता दी जाती है। सभी आउटलेट में बैग के चार्ज की जानकारी बोर्ड पर लिखी रहती है और इसके लिए अलग बिल भी दिया जाता है। इस तरह दुकान ने यह स्वीकार किया कि सामान खरीदने के बाद ग्राहक की मांग पर कैरी बैग के लिए पैसे लिए जाते हैं।
जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष रामचंद्र एमएस और सदस्य नंदिनी एच कुंभारा तथा सविता ऐरानी की पीठ ने मामले की सुनवाई की। आयोग ने 'Caveat Venditor' यानी विक्रेता को भी सतर्क रहना चाहिए के सिद्धांत का हवाला दिया। आयोग का कहना था कि शराब की बोतलें बेचने वाले दुकानदार को यह समझना चाहिए कि ग्राहक को उन्हें सुरक्षित घर ले जाने के लिए बैग की जरूरत पड़ेगी।
आयोग ने माना कि दुकान के अपने विज्ञापन वाले बैग के लिए ग्राहक से पैसे लेना सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार के दायरे में आता है। साथ ही, दुकान प्रबंधन का सुनवाई में पेश न होना भी शिकायत में लगाए गए आरोपों को स्वीकार करने जैसा माना गया। 14 अक्टूबर को आयोग ने टॉनिक को ग्राहक के 20 रुपये वापस करने, सेवा में कमी के लिए 5,000 रुपये मुआवजा देने और मुकदमे के खर्च के तौर पर 3,000 रुपये चुकाने का आदेश दिया।
यह मामला ग्राहकों के अधिकारों और दुकानदारों की जिम्मेदारी को समझने के लिहाज से अहम है। खरीदारी के दौरान अगर किसी सामान के लिए अतिरिक्त पैसे मांगे जाते हैं तो ग्राहक को उसकी वजह पूछनी चाहिए। किसी भी अतिरिक्त चार्ज का भुगतान करने से पहले उसकी जानकारी लेना जरूरी है। अगर कोई शुल्क गलत या अनुचित लगता है तो ग्राहक संबंधित उपभोक्ता आयोग में शिकायत कर सकता है। इसके अलावा खरीदारी के बिल और रसीद संभालकर रखना भी जरूरी है। विवाद होने पर यही दस्तावेज शिकायत को साबित करने में मदद कर सकते हैं।