कारोबार

CXMT Share Price 27th July: एक ही दिन में 500% का मुनाफा, मेमोरी चिप बनाने वाली इस कंपनी ने लिस्टिंग पर दिया भारी-भरकम रिटर्न

CXMT Share Return: चीन की मेमोरी चिप कंपनी CXMT के शेयर ने शंघाई स्टॉक एक्सचेंज पर धमाकेदार शुरुआत की है। लिस्टिंग के दिन ही यह शेयर 500 फीसदी से ज्यादा उछल गया। इसके साथ ही कंपनी बाजार पूंजीकरण के हिसाब से चीन की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी बन गई।
2 min read
Jul 27, 2026
CXMT Share Price
CXMT Share की जबरदस्त प्रीमियम पर लिस्टिंग हुई है। (PC: AI)

CXMT IPO Share Listing: शंघाई स्टॉक एक्सचेंज पर सोमवार का कारोबारी दिन चीन की चिप कंपनी CXMT Corp के नाम रहा। कंपनी के शेयरों ने लिस्टिंग के साथ ही ऐसी उड़ान भरी कि निवेशक देखते रह गए। IPO में शेयर की कीमत 8.66 युआन थी। यह 49.50 युआन पर लिस्ट हुआ। कारोबार के दौरान यह शेयर 54.65 युआन तक पहुंच गया। यानी पहले ही दिन 500 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज हुई। इस जबरदस्त उछाल के बाद CXMT का बाजार पूंजीकरण करीब 3.65 ट्रिलियन युआन (करीब 539 अरब डॉलर) तक पहुंच गया। आईपीओ के समय कंपनी की अनुमानित वैल्यूएशन करीब 85.5 अरब डॉलर थी।

चीन की सबसे वैल्यूएबल लिस्टेड कंपनी

इस शानदार लिस्टिंग ने CXMT को बाजार पूंजीकरण के मामले में चीन की सबसे बड़ी लिस्टिंग कंपनी बना दिया। उसने लंबे समय से टॉप स्थान पर रही Industrial and Commercial Bank of China (ICBC) को भी पीछे छोड़ दिया। वैश्विक टेक शेयरों में हाल के दिनों में दिखी बिकवाली के बावजूद CXMT में निवेशकों का उत्साह कम नहीं हुआ।

AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर पर बड़ा दांव

अमेरिका की ओर से एडवांस सेमीकंडक्टर तकनीक पर लगातार सख्ती के बीच चीन अपनी घरेलू चिप इंडस्ट्री को मजबूत करने में जुटा है। इसी रणनीति का अहम हिस्सा CXMT को माना जा रहा है। कंपनी मेमोरी चिप्स बनाती है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े डेटा सेंटर्स में इस्तेमाल होने वाली हाई बैंडविड्थ मेमोरी (HBM) जैसी अहम तकनीकों में चीन की आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में इसकी बड़ी भूमिका मानी जा रही है।

चीन के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा IPO

CXMT ने IPO के जरिए 66.6 अरब युआन (करीब 9.8 अरब डॉलर) जुटाए हैं। यह चीन के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा आईपीओ है। इससे पहले 2010 में एग्रीकल्चरल बैंक ऑफ चाइना का करीब 10 अरब डॉलर का आईपीओ सबसे बड़ा था। कंपनी ने ओवरअलॉटमेंट विकल्प को छोड़कर 6.688 अरब शेयर जारी किए और प्रति शेयर कीमत 8.66 युआन तय की थी। दिलचस्प बात यह रही कि 66.6, 6.688 और 8.66 जैसे आंकड़े चीन की संस्कृति में शुभ माने जाते हैं। इसलिए इनका इस्तेमाल भी काफी चर्चा में रहा।

निवेशकों ने बढ़-चढ़कर लगाया पैसा

अनहुई प्रांत के हेफेई शहर बेस्ड CXMT के आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त सपोर्ट मिला। रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 212 गुना सब्सक्राइब हुआ था। करीब 94 लाख निवेशकों ने आवेदन किए, जिनकी कुल बोली 7.07 ट्रिलियन युआन तक पहुंच गई। यह आंकड़ा हाल में चर्चा में रहे स्पेसएक्स के रिकॉर्ड आईपीओ की तुलना में भी कई गुना ज्यादा बताया जा रहा है।

दुनिया की बड़ी DRAM चिप कंपनियों में शामिल

पहले ChangXin Memory Technologies के नाम से जानी जाने वाली CXMT आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी DRAM (Dynamic Random Access Memory) चिप निर्माता कंपनी मानी जाती है। एआई आधारित सेमीकंडक्टर सेक्टर में बढ़ती मांग और चीन की तकनीकी आत्मनिर्भरता की नीति ने कंपनी को निवेशकों की पसंद बना दिया है। यही वजह रही कि लिस्टिंग के पहले ही दिन इसके शेयरों में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
27 Jul 2026 01:06 pm
Published on:
27 Jul 2026 01:06 pm