
DA Hike Latest News: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते यानी डीए में अगली बढ़ोतरी का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। जून 2026 के AICPI आंकड़े सामने आए करीब एक महीने का समय बीत चुका है, लेकिन वित्त मंत्रालय की ओर से अभी तक डीए बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। कैलकुलेशन के मुताबिक, इस बार डीए में 3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है और इसके 63 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान है।
अब सवाल यह है कि सरकार आखिर डीए बढ़ोतरी का ऐलान कब करेगी? कर्मचारी संगठनों की ओर से सरकार से प्रक्रिया शुरू करने की मांग की जा चुकी है। वहीं, कर्मचारी संगठनों से जुड़े लोगों का कहना है कि घोषणा जल्द हो सकती है।
ऑल इंडिया न्यू पेंशन स्कीम एंप्लॉई फेडरेशन के अध्यक्ष मनजीत सिंह पटेल के अनुसार, डीए बढ़ोतरी का ऐलान एक सप्ताह के भीतर होने की संभावना है। ईटी की एक रिपोर्ट में ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लॉई फेडरेशन के एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि डीए बढ़ोतरी की फाइल प्रोसेस में है और सरकार की ओर से इस सप्ताह कभी भी घोषणा की जा सकती है। CCGEW के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक भी अक्टूबर के पहले सप्ताह में डीए बढ़ोतरी का ऐलान होने की संभावना है।
डीए हाइक के ऐलान को लेकर दशहरे का समय भी चर्चा में है। आम तौर पर सरकार की ओर से जून की डीए हाइक का ऐलान दशहरे जैसे बड़े त्योहार से पहले किया जाता रहा है। हालांकि, इसे कोई तय नियम नहीं माना जा सकता। पिछले दो साल का रिकॉर्ड देखें तो दोनों बार घोषणा दशहरे के बाद हुई थी। साल 2025 में दशहरा 2 अक्टूबर को था और डीए का ऐलान 6 अक्टूबर को हुआ था। साल 2024 में दशहरा 12 अक्टूबर को था और DA का ऐलान 21 अक्टूबर को हुआ था। वहीं, साल 2026 में दशहरा 20 अक्टूबर को है। ऐसे में इस बार यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार त्योहार से पहले डीए हाइक का ऐलान करती है या पिछली परंपरा की तरह बाद में घोषणा होती है।
केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह सरकार के ऐलान के बाद ही स्पष्ट होगा। हालांकि, AICPI के उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर 3 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया जा रहा है। टैक्स एवं निवेश सलाहकार बलवंत जैन के अनुसार, डीए की गणना के लिए 12 महीने के AICPI-IW के औसत आंकड़े को आधार बनाया जाता है। मौजूदा डीए हाइक के लिए जुलाई 2025 से जून 2026 तक के एआईसीपीआई AICPI आंकड़ों को शामिल किया जाएगा। इस अवधि का 12 महीने का औसत 148.65 रहा है।
इस औसत को डीए के फॉर्मूले में रखने पर जून 2026 के लिए DA करीब 63.76 फीसदी निकलता है। सरकार दशमलव को राउंड ऑफ करती है, इसलिए अनुमान है कि केंद्रीय कर्मचारियों का DA 63 फीसदी किया जा सकता है। हालांकि, यह सिर्फ उपलब्ध एआईसीपीआई आंकड़ों के आधार पर किया गया अनुमान है। जून 2026 का डीए वास्तव में 63 फीसदी होगा या नहीं, इसका अंतिम जवाब सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही मिलेगा।