
SpaceX IPO, Elon Musk's net worth: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की दौलत रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रही है। एक ही दिन में मस्क की दौलत में इतना इजाफा हो गया, जितनी मार्क जुकरबर्ग और जेफ बेजोस जैसे अरबपतियों की नेटवर्थ भी नहीं है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, पिछले 24 घंटे में एलन मस्क की नेटवर्थ में 274 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इससे मस्क की नेटवर्थ 971 अरब डॉलर पर पहुंच गयी है। यह आंकड़ा एक ट्रिलियन डॉलर से अब थोड़ा ही पीछे है।
एलन मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कॉर्पोरेशन यानी स्पेसएक्स आज नैस्डैक पर लिस्ट हो रही है। कंपनी ने लिस्टिंग से पहले अपने प्रमुख शेयरहोल्डर्स का बेनिफिशियल ऑनरशिप स्ट्रक्चर डिस्क्लोज किया है। स्पेसएक्स का आईपीओ इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ है। 135 डॉलर प्रति शेयर के आईपीओ प्राइस पर कंपनी की वैल्यू करीब 1.77 ट्रिलियन डॉलर बैठती है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, स्पेसएक्स की ऑफरिंग प्राइस के आधार पर मस्क की नेटवर्थ 275 अरब डॉलर बढ़नी है।
एलन मस्क ने दुनिया के टॉप अरबपतियों की लिस्ट में दूसरे दिग्गज अमीरों को जबरदस्त तरीके से पीछे छोड़ दिया है। यहां तक कि टॉप-4 में एलन मस्क की दौलत शेष 3 अरबपतियों की कुल नेटवर्थ से भी ज्यादा है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, दुनिया के टॉप अमीरों में दूसरे स्थान पर 304 अरब डॉलर के साथ Larry Page आते हैं। तीसरे नंबर पर Sergey Brin हैं, जिनकी नेटवर्थ 283 अरब डॉलर है। वहीं, चौथे स्थान पर 262 अरब डॉलर के साथ Jeff Bezos आते हैं। अब इन तीन अरबपतियों की नेटवर्थ को जोड़ दिया दाए तो आंकड़ा 849 अरब डॉलर पर पहुंचता है, जो मस्क की नेटवर्थ से कम है।
दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में गौतम अडानी 17वें स्थान पर हैं। उनकी नेटवर्थ 112 अरब डॉलर है। वहीं, मुकेश अंबानी 23वें स्थान पर हैं, जिनकी नेटवर्थ 83.1 अरब डॉलर है। इन दोनों की नेटवर्थ को जोड़ दें, तो आंकड़ा 195.1 डॉलर आता है। यानी एलन मस्क की नेटवर्थ अडानी-अंबानी की कुल नेटवर्थ का 4.97 गुना यानी करीब 5 गुना है।
आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि जितनी नेटवर्थ दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति के पास है, उससे ज्यादा दौलत एलन मस्क ने एक दिन में कमा ली। जेफ बेजोस 268 अरब डॉलर के साथ दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। जबकि एलन मस्क की नेटवर्थ सिर्फ 1 दिन में ही 274 अरब डॉलर बढ़ गई।
एलन मस्क की नेटवर्थ दुनिया के करीब 173 देशों की GDP से अधिक है। दुनिया में सिर्फ 22 ही ऐसे देश हैं, जिनकी जीडीपी मस्क की नेटवर्थ से ज्यादा है। एलन मस्क की नेटवर्थ इजराइल, सिंगापुर, वियतनाम, थाइलैंड, यूएई, नॉर्वे, मलेशिया और पाकिस्तान जैसे देशों की जीडीपी से भी ज्यादा है।