कारोबार

UPI से जल्द निकाल पाएंगे PF का पैसा, सरकार ने कहा- टेस्टिंग हुई पूरी, साथ ही WhatsApp पर मिलेंगी ये सुविधाएं

EPFO UPI Withdrawal Testing: EPFO जल्द UPI के जरिए सीधे बैंक खाते में PF निकासी की सुविधा देगा। साथ ही WhatsApp सेवा और ऑटो-सेटलमेंट का विस्तार भी होगा।

2 min read
May 20, 2026
EPFO ने UPI से पैसा निकालने की टेस्टिंग पूरी कर ली है। (PC: AI)

EPFO UPI Withdrawal Facility: नौकरीपेशा लोग जिनका PF कटता है, उनके लिए केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने एक खुशखबरी दी है। मांडविया ने बताया कि UPI से पीएफ निकालने की सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। इस बदलाव के बाद कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO से जुड़े 7 करोड़ सदस्यों को कई सेवाओं का लाभ सीधे मिलेगा। मनसुख मांडविया के मुताबिक, अब UPI के जरिए सीधे PF निकासी, ऑटो-सेटलमेंट का विस्तार और WhatsApp के जरिए अपने PF अकाउंट से जुड़ी जानकारी प्राप्त करना आसान हो जाएगा।

ये भी पढ़ें

EPF और EPS में क्या फर्क है, दोनों में कितना पैसा जमा होता है? बैलेंस चेक करने का प्रोसेस भी जानिए

UPI से सीधे बैंक खाते में आएगा PF का पैसा

अब तक PF निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। लेकिन अब EPFO इसे UPI से जोड़ने जा रहा है। मांडविया ने बताया कि इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। जल्द ही सदस्य UPI पेमेंट गेटवे के जरिए EPF से निकासी कर सकेंगे और रकम सीधे उनके बैंक खाते में आ जाएगी।

इस सुविधा के तहत PF खाते का एक हिस्सा फ्रीज रहेगा और बाकी हिस्सा निकासी के लिए उपलब्ध होगा। सदस्य अपने खाते में उपलब्ध बैलेंस देख सकेंगे और अपने लिंक्ड UPI पिन से सुरक्षित ट्रांजेक्शन पूरा कर सकेंगे। एक बार पैसा बैंक खाते में आ जाए तो सदस्य उसे डिजिटल पेमेंट में इस्तेमाल कर सकते हैं या ATM से कैश निकाल सकते हैं।

ऑटो-सेटलमेंट का दायरा बढ़ेगा

EPFO के सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर रमेश कृष्णमूर्ति ने बताया कि अभी 5 लाख रुपए तक के आंशिक या एडवांस विड्रॉल के क्लेम ऑटो मोड में निपटाए जाते हैं। लेकिन अब ऑटो-सेटलमेंट की सुविधा फाइनल PF विड्रॉल क्लेम तक भी बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा नौकरी बदलने पर खाता ट्रांसफर की प्रक्रिया भी ऑटोमेट होगी। इससे पहले पिछले साल जून में EPFO ने ऑटो-सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए की थी।

WhatsApp पर मिलेगी EPFO की सेवा

EPFO अब WhatsApp के जरिए भी अपने सदस्यों तक पहुंचेगा। यह सुविधा करीब एक महीने में शुरू होने की उम्मीद है। इसका मकसद उन सदस्यों तक पहुंचना है जो मोबाइल तो इस्तेमाल करते हैं लेकिन ऑनलाइन पोर्टल पर नेविगेट करने में मुश्किल महसूस करते हैं। इस सेवा को इस्तेमाल करना बेहद आसान होगा। EPFO के वेरिफाइड WhatsApp नंबर पर बस Hello टाइप करना होगा और उसके बाद PF बैलेंस, पिछले 5 ट्रांजेक्शन और क्लेम स्टेटस जैसी जानकारियां इसी के जरिए मिल सकेंगी।

इसकी सबसे ज्यादा खास बात यह है कि यह बातचीत अलग-अलग क्षेत्रीय भाषाओं में की जा सकेगी। इससे उन सदस्यों को बड़ी राहत मिलेगी जो हिंदी या अपनी मातृभाषा में ही बेहतर समझते हैं। यह सेवा 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध रहेगी।

मुकदमेबाजी में आ रही कमी

'निधि आपके निकट' कार्यक्रम के जरिए EPFO ने कंज्यूमर कोर्ट में लंबित मामलों को निपटाने में भी तेजी दिखाई है। कुल लंबित मुकदमों की संख्या 1 अप्रैल 2025 में 31,036 थी, जो अब घटकर 1 अप्रैल 2026 तक 27,639 हो गई है, यानी 3,397 मामले कम हुए। EPFO के इतिहास में यह सबसे कम मुकदमेबाजी का स्तर है।

आम कर्मचारी के लिए क्या बदलेगा

PF क्लेम के लिए घंटों ऑनलाइन माथापच्ची, ऑफिस के चक्कर और पैसे मिलने में होने वाली देरी अब कम होगी। UPI से तुरंत निकासी, WhatsApp पर अपनी भाषा में बातचीत होने और ऑटो-सेटलमेंट का विस्तार होने से देश के करोड़ों कामकाजी लोगों की जिंदगी आसान हो सकती है।

ये भी पढ़ें

पुराने PF खाते में फंसा है पैसा? मदद के लिए EPFO ला रहा नया पोर्टल, जानिए आपको क्या करना है
Published on:
20 May 2026 06:28 pm
Also Read
View All