कारोबार

Fastag: हाईवे पर गाड़ी चलाना होगा महंगा, NHAI Annual Pass की कीमत में होने वाला है इजाफा

NHAI Annual Pass Fees: नए वित्त वर्ष यानी 1 अप्रैल से एनएचएआई एनुअल पास की फीस में इजाफा हो सकता है। इस पास से आप एक साल तक या 200 टोल प्लाजा बिना फीस दिए पास कर सकते हैं।

2 min read
Mar 09, 2026
NHAI Annual Pass
एनएचएआई एनुअल पास महंगा होने वाला है। (PC: AI)

Fastag NHAI Annual Pass Fees: हाईवे पर गाड़ी चलाना महंगा होने वाला है। एनएचएआई का एनुअल पास महंगा होने जा रहा है। इससे नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर आपका सफर महंगा हो जाएगा। एनएचएआई के एनुअल पास की कीमत एक अप्रैल से बढ़ने वाली है। नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट में एनएचएआई के सीनियर अधिकारी के हवाले से बताया गया कि यह पास वित्त वर्ष 2026-27 से यानी एक अप्रैल से महंगा हो जाएगा।

कितना महंगा होगा NHAI Annual Pass?

एनएचएआई के एनुअल पास की कीमत में 75 से 100 रुपये के बीच बढ़ोतरी होने वाली है। इस समय इस पास की कीमत 3000 रुपये है। राजमार्ग यात्रा ऐप और एनएचएआई पोर्टल से आप यह पास खरीद सकते हैं।

क्यों बढ़ेंगे दाम?

हर वित्त वर्ष में टोल की कीमतों में बढ़ोतरी होती है। एक अप्रैल को इसके दाम बढ़ाए जाते हैं। इसी तरह एक अप्रैल से एनुअल पास की कीमत भी बढ़ती है। अब आपके मन में सवाल होगा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी किस आधार पर तय होती है? यह थोक महंगाई दर के आधार पर तय होती है। पूरे साल इस महंगाई दर में जितना इजाफा होता है, उसी आधार पर राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल भी बढ़ जाते हैं। इसी तरह इस साल एनुअल पास की कीमत करीब 100 रुपये बढ़ सकती है।

कैसे काम करता है NHAI Annual Pass?

अगर आप राष्ट्रीय राजमार्गों पर अधिक ट्रैवल करते हैं, तो आपको बार-बार टोल भरने में समस्या होती होगी। इसके समाधान के लिए पिछले साल एनुअल पास लॉन्च किया गया था। यह पास नेशनल हाईवेज और एक्सप्रेसवे पर काम करता है। अगर आपके पास यह पास है, तो आप एक साल तक या 200 टोल प्लाजा बिना फीस दिए पास कर सकते हैं। कोई भी निजी कार मालिक यह पास ले सकता है। कमर्शियल व्हीकल वाले भी यह पास खरीद सकते हैं।

Published on:
09 Mar 2026 05:17 pm