FD Interest Rate: रेपो रेट में इस साल अब तक 1.25 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। हाल की गिरावट के बाद बैंक एफडी की ब्याज दरों में और गिरावट कर सकते हैं।
FD Rates: भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने इस साल की शुरुआत में तीन बार रेपो रेट में कटौती की थी। इसके बाद बैंकों और स्मॉल फाइनेंस बैंकों (SFBs) ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों को घटा दिया था। अब आरबीआई ने आज एक बार फिर रेपो रेट को घटा दिया है। प्रमुख ब्याज दर में 0.25 फीसदी की कमी की गई है। इससे एफडी निवेशकों को निराशा हाथ लगी है। हाई एफडी रेट्स की उम्मीद खत्म सी हो गई है। वहीं, संभावना है कि बैंक और SFBs एफडी पर ब्याज दरों को और कम कर सकते हैं।
आज हुई कटौती के बाद इस वर्ष रेपो रेट में कुल मिलाकर 125 बेसिस पॉइंट यानी 1.25 फीसदी की कटौती हो चुकी है। आरबीआई ने इससे पहले फरवरी और अप्रैल की MPC बैठकों में 25-25 bps तथा जून में 50 bps की कटौती की थी। अगस्त और अक्टूबर की MPC बैठकों में कोई कटौती नहीं की गई। हालांकि, आज हुई कटौती के साथ, रेपो रेट वर्ष की शुरुआत के 6.5% से घटकर 5.25% रह गई है। इस साल की पहली तीन रेट कट का प्रभाव अभी तक FD की दरों में पूरी तरह से नहीं दिखा है, भले ही अधिकतर बैंकों ने अक्टूबर तक FD दरें कम कर दी थीं। अब, चौथी कटौती के बाद, बैंक FD पर ब्याज दरों को और कम कर सकते हैं।
निवेश सलाहकार बलवंत जैन ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि निवेशकों को मौजूदा उच्च ब्याज दरों का फायदा उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'निवेशकों को, विशेष रूप से रिटायर्ड लोगों को मौजूदा उच्च ब्याज दरों पर लंबी अवधि के लिए एफडी करा लेनी चाहिए, क्योंकि डिपॉजिट रेट्स के और गिरने की संभावना है।' बता दें कि एफडी की ब्याज दर में कटौती का असर पहले से चल रही FDs पर नहीं पड़ता है। लेकिन नए एफडी निवेशकों को कम ब्याज दर मिलेगी।
अगर बैंक रेपो रेट में कटौती के बराबर एफडी रेट घटाता है, तो रिटर्न पर क्या असर पड़ेगा? आइए उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी बैंक की 5 साल की एफडी पर पहले 6 फीसदी ब्याज दर मिल रही थी, जो अब घटकर 5.75 फीसदी रह गई है। आइए जानते हैं कि इसका 5 और 20 लाख के निवेश पर क्या असर पड़ेगा। 5 साल के लिए 5 लाख रुपये की एफडी 6 फीसदी ब्याज दर से मैच्योरिटी पर 6,73,427 रुपये हो जाएगी। वहीं, 5.75 फीसदी ब्याज दर पर 6,65,182 रुपये हो जाएगी। इस तरह आपको 5 साल में 8,245 रुपये का नुकसान होगा।
| निवेश राशि (₹) | अवधि | ब्याज दर | मैच्योरिटी राशि (₹) | नुकसान (₹) |
|---|---|---|---|---|
| 5,00,000 | 5 साल | 6% | 6,73,427 | — |
| 5,00,000 | 5 साल | 5.75% | 6,65,182 | 8,245 |
| 20,00,000 | 5 साल | 6% | 26,93,710 | — |
| 20,00,000 | 5 साल | 5.75% | 26,60,729 | 32,980 |
5 साल के लिए 20 लाख रुपये की एफडी 6% ब्याज दर से 26,93,710 रुपये हो जाएगी। यह 5.75 फीसदी ब्याज दर से 26,60,729 रुपये हो जाएगी। इस तरह आपको 5 साल में 32,980 रुपये का नुकसान हो जाएगा।