कारोबार

Gandhar Oil Share Price 23rd July: 633% उछला कंपनी का मुनाफा तो शेयर में लग गया 20% का अपर सर्किट, 1 महीने में दिया है 57% रिटर्न

Gandhar Oil Refinery Result: चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में गांधार ऑयल रिफाइनरी का शुद्ध मुनाफा जबरदस्त ग्रोथ के साथ 192 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
2 min read
Jul 23, 2026
Gandhar Oil Refinery
Gandhar Oil Refinery के शेयर में 20 फीसदी का अपर सर्किट लगा है। (PC: AI)

Gandhar Oil Refinery: शेयर बाजार में जारी गिरावट के बीच आज एक शेयर में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली है। शुरुआती कारोबार में ही इस शेयर में 20 फीसदी का अपर सर्किट लग गया। हम बात कर रहे हैं गांधार ऑयल रिफाइनरी के शेयर की, जो एनएसई पर 20 रुपये से बड़ी सिक्योरिटीज में टॉप गेनर बना हुआ दिखा। यह शेयर दोपहर 12 बजे 20 फीसदी या 47.23 रुपये की बढ़त के साथ 283.42 रुपये पर ट्रेड करता दिखाई दिया। कंपनी द्वारा पहली तिमाही के नतीजे जारी करने के बाद शेयर में यह भारी तेजी देखने को मिली है।

1 महीने में दिया 57% रिटर्न

गांधार ऑयल रिफाइनरी के शेयर ने 1 हफ्ते में 34.35 फीसदी, 1 महीने में 56.72 फीसदी, इस साल अब तक 83.70 फीसदी और 1 साल में 68.22 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर ने आज ही 283.42 रुपये के साथ नया 52 वीक हाई बनाया है। वहीं, 52 वीक लो 115 रुपये है, जो 30 मार्च 2026 को दर्ज हुआ था। शेयर में आई तेजी से कंपनी का मार्केट कैप 2,774.10 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

क्यों आई शेयर में भारी खरीदारी?

सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि कंपनी के शेयर में आई भारी तेजी की वजह इसके तिमाही नतीजे हैं। कंपनी को पहली तिमाही में 192 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। यह एक साल पहले की समान अवधि में सिर्फ 26.2 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह इसमें 633 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई है। कंपनी का रेवेन्यू भी 91.8 फीसदी बढ़कर 1732 करोड़ रुपये रहा है। यह एक साल पहले की समान अवधि में 903 करोड़ रुपये था। कंपनी का एबिटडा 281 करोड़ रुपये पर है। यह एक साल पहले 46 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, एबिटडा मार्जिन 5.1 फीसदी से बढ़कर 16.2 फीसदी हो गया है।

डिविडेंड की भी हुई घोषणा

स्टैंडअलोन आधार पर बात करें, तो कंपनी को पहली तिमाही में 179 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। यह मार्च तिमाही में 44.13 करोड़ रुपये था। कंपनी के बोर्ड ने 2 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के डिविडेंड की भी घोषणा की है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 31 जुलाई तय की गई है।

क्या करती है कंपनी?

गांधार ऑयल रिफाइनरी स्पेशल ऑयल, लुब्रिकेंट्स और पेट्रोलियम डेरिवेटिव्स बनाने के कारोबार से जुड़ी है। कंपनी 100 से अधिक देशों में अपने उत्पाद एक्सपोर्ट करती है। कंपनी मैनेजमेंट का कहना है कि कंपनी का पर्सनल केयर बिजनेस जून तिमाही में बेस्ट परफॉर्मिंग सेगमेंट बनकर उभरा है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
23 Jul 2026 12:56 pm
Published on:
23 Jul 2026 12:53 pm