कारोबार

Gautam Adani ने अपने 64वें बर्थडे पर की ग्रुप में 3 सुधारों की घोषणा, नेशनल एयरोस्पेस प्लेटफॉर्म में मिलेगी पायलेट्स को ट्रेनिंग

Adani AGM 2026: अडानी ग्रुप की एजीएम में गौतम अडानी ने प्रबंधन सुधार, साझेदारों के साथ बेहतर सहयोग और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी तीन बड़ी पहल का ऐलान किया है।
2 min read
Jun 24, 2026
Adani AGM 2026
गौतम अडानी का आज जन्मदिन है। (PC: AI)

Adani Enterprises Share: अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम आडानी आज अपना 64 वां जन्मदिन मना रहे हैं। साथ ही आज ही अडानी ग्रुप की एनुअल जनरल मीटिंग भी आयोजित हुई है। इस बैठक को संबोधित करते हुए गौतम अडानी ने कई घोषणाएं की हैं। भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में तेजी से अपनी मौजूदगी बढ़ा रहा अडानी ग्रुप अब अपने कामकाज के तरीके में भी बड़ा बदलाव करने जा रहा है। गौतम अडानी ने एजीएम में तीन बड़े फैसलों का ऐलान किया है। इस बीच अडानी एंटरप्राइजेज, अंबुजा सीमेंट और अडानी पोर्ट्स के शेयर में अच्छी तेजी देखने को मिली है।

अडानी ग्रुप में लागू होंगे ये 3 सुधार

3 लेवल वाला नया मैनेजमेंट स्ट्रक्चर होगा लागू

अडानी ग्रुप का पहला बड़ा कदम मैनेजमेंट सिस्टम में बदलाव से जुड़ा है। कंपनी अब अपने कॉरपोरेट दफ्तरों और प्रोजेक्ट साइट्स पर तीन लेवल वाला नया मैनेजमेंट स्ट्रक्चर लागू करेगी। अडानी ने कहा कि इससे अनावश्यक प्रक्रियाएं कम होंगी, फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे और हर विभाग की जिम्मेदारी पहले से ज्यादा स्पष्ट होगी। उनका मानना है कि किसी भी संस्था में जवाबदेही मजबूत होगी, तो काम की रफ्तार भी बढ़ेगी।

ठेकेदारों और पार्टनर्स को मिलेगी ज्यादा ताकत

दूसरा फोकस उन कंपनियों और साझेदारों पर रहेगा जो अडानी ग्रुप के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर रहे हैं। अडानी ने कहा कि समूह ऐसा पारदर्शी माहौल बनाना चाहता है जहां लंबे समय से जुड़े साझेदारों को अधिक अधिकार और भरोसा मिले। इससे प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे होंगे और सभी पक्षों के हित भी सुरक्षित रहेंगे।

कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं

AGM में कर्मचारियों की भलाई को भी प्रमुखता दी गई। ग्रुप से सीधे और परोक्ष रूप से जुड़े करीब 4 लाख लोगों में से लगभग 85 फीसदी औद्योगिक इकाइयों और प्रोजेक्ट साइट्स पर काम करते हैं। अडानी ने कहा कि हर कर्मचारी और श्रमिक को सम्मान के साथ काम करने का अधिकार है। कंपनी बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और उचित वेतन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

अडानी ग्रुप के शेयरों का हाल

कंपनीशेयर प्राइसबदलाव
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड3049+2.90%
अडानी पोर्ट1803+1.12%
अंबुजा सीमेंट424+2.24%
अडानी पावर229-1.31%
अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस1495+0.08%
अडानी ग्रीन एनर्जी1512+0.04%
अडानी टोटल गैस717+0.20%
बीएसई पर दोपहर 2 बजे के आंकड़े

बनाया जा रहा नेशनल एयरोस्पेस प्लेटफॉर्म

अडानी ने बताया कि Leonardo और Embraer के साथ पार्टनरशिप से भारत में इंटीग्रेटेड हेलीकॉप्टर और रीजनल एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम की नींव रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि एक नेशनल एयरोस्पेस प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, MRO, सर्विसेज और पायलट ट्रेनिंग शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत की रक्षा क्षमताओं को मजबूत बनाने में घरेलू उद्योग की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि समूह द्वारा विकसित ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम, मिसाइल और गोला-बारूद ने भारतीय सुरक्षा बलों को सहयोग दिया है।

FY26 में 1.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश

गौतम अडानी ने बताया कि बीते वित्त वर्ष में ग्रुप ने इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। उनके अनुसार यह पूरे देश में प्राइवेट सेक्टर द्वारा किए गए नए पूंजीगत निवेश का 30 फीसदी से भी ज्यादा हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश लगातार जारी रहा है। अडानी ने कहा, "जब दूसरे लोग बहस में व्यस्त थे, तब हमारा ग्रुप निर्माण कार्यों में जुटा था। परिस्थितियां आसान नहीं थीं, लेकिन हमने न रुकना सीखा और न झुकना।"

Published on:
24 Jun 2026 02:21 pm