23 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Multibagger Stock: AI से जुड़ी खबर आते ही 2 दिन में 44% उछल गया Blue Cloud Softech का शेयर, 5 साल में दिया है 465% रिटर्न

Stock Market News: AI सेक्टर में संभावित कारोबारी अवसरों की तलाश और SpaceX International Ltd. के साथ शुरुआती बातचीत की खबर के बाद Blue Cloud Softech Solutions के शेयरों में जोरदार तेजी आई है। बता दें कि स्पेसएक्स इंटरनेशनल का एलन मस्क से कोई संबंध नहीं है।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jun 23, 2026

Blue Cloud Softech Solutions

Blue Cloud Softech के शेयर में भारी तेजी देखी जा रही है। (PC: AI)

Blue Cloud Softech Stock: शेयर बाजार में कभी-कभी एक खबर ही पूरा माहौल बदल देती है। ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में संभावित कारोबारी अवसरों की तलाश की घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों में खरीदारी की ऐसी लहर चली कि लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में 20 फीसदी का अपर सर्किट लग गया। शेयर में भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम देखी जा रही है।

2 दिन में 44% का उछाल

मंगलवार को बीएसई पर कंपनी का शेयर 20 फीसदी चढ़कर 25.96 रुपये पर पहुंच गया। सिर्फ दो दिनों में ही यह शेयर करीब 44 फीसदी उछल चुका है। इस शेयर में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है, जिससे भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम देखी जा रही है।

शेयर में अचानक क्यों आई तेजी?

दरअसल, कंपनी ने हाल ही में जानकारी दी है कि वह AI टेक्नोलॉजी सेक्टर में संभावित कारोबारी अवसरों का आकलन कर रही है। इसके लिए स्पेसएक्स इंटरनेशनल लिमिटेड (SpaceX International Ltd.) के साथ शुरुआती स्तर पर बातचीत शुरू की गई है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि फिलहाल यह सिर्फ संभावनाओं को तलाशने और जानकारी साझा करने का फ्रेमवर्क तैयार करने तक सीमित है। अभी किसी तरह का अंतिम समझौता, निवेश, जॉइंट वेंचर या साझेदारी तय नहीं हुई है। कंपनी के मुताबिक, यह पहल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम में नए अवसरों की खोज की उसकी रणनीति का हिस्सा है।

स्पेसएक्स इंटरनेशनल का एलन मस्क से नहीं है कोई संबध

यहां यह पता होना जरूरी है कि स्पेसएक्स इंटरनेशनल लिमिटेड का एलन मस्क की स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कॉर्पोरेशन (SpaceX) से कोई लेना-देना नहीं है। यह एक अलग कंपनी है।

कंपनी ने क्या कहा?

22 जून को जारी रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि स्पेसएक्स इंटरनेशनल लिमिटेड के साथ बातचीत अभी शुरुआती चरण में है। दोनों पक्ष संभावित सहयोग के क्षेत्रों का अध्ययन कर रहे हैं। कंपनी ने निवेशकों को यह भी स्पष्ट किया कि इन चर्चाओं से किसी भी पक्ष पर कोई बाध्यकारी जिम्मेदारी नहीं बनती। यानी फिलहाल किसी डील को पक्का मानना जल्दबाजी होगी।

ट्रेडिंग वॉल्यूम ने खींचा ध्यान

शेयर में तेजी सिर्फ कीमत तक सीमित नहीं है, बल्कि ट्रेडिंग भी कई गुना बढ़ गई। बीएसई पर मंगलवार को करीब 3 करोड़ इक्विटी शेयरों में कारोबार हुआ। तुलना करें तो पिछले एक सप्ताह का औसत दैनिक वॉल्यूम लगभग 57 लाख शेयर था, जबकि एक महीने का औसत वॉल्यूम करीब 20 लाख शेयरों का रहा है। इससे साफ है कि निवेशकों की दिलचस्पी अचानक काफी बढ़ी है।

कैसी है शेयर की परफॉर्मेंस?

ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस के शेयर की परफॉर्मेंस की बात करें, तो इसने हाल के कुछ महीनों में अच्छा रिटर्न दिया है। इस शेयर ने एक महीने में लगभग 36% का रिटर्न दिया है। तीन महीने में 38% रिटर्न दिया है। छह महीने में 3% का रिटर्न दिया है। साल 2026 में अब तक करीब 19% का रिटर्न दिया है। वहीं, पिछले एक साल में यह शेयर करीब 13 फीसदी कमजोर हुआ है। जबकि दो साल में इसमें 70 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।

पांच साल में दिया 465% रिटर्न

भले ही हाल के वर्षों में शेयर दबाव में रहा हो, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह शेयर शानदार साबित हुआ है। पिछले पांच वर्षों में ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस ने करीब 465 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। मंगलवार दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर बीएसई पर यह शेयर 18.07 फीसदी या 3.91 रुपये की बढ़त के साथ 25.55 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इस शेयर का 52 वीक हाई 38 रुपये है। वहीं, 52 वीक लो 16.51 रुपये है।

बाजार में दिख रही गिरावट

भारतीय शेयर बाजार सुबह सपाट खुला था, लेकिन दोपहर होते-होते गिरावट दिखने लगी। 2 बजकर 25 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 0.74 फीसदी या 564 अंक की गिरावट के साथ 76,530 पर ट्रेड करता दिखा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.76 फीसदी या 185 अंक की गिरावट के साथ 23,919 पर ट्रेड करता दिखा।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार में निवेश जोखिम भरा होता है। इसलिए कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)