कारोबार

10 साल पहले Gold में लगाया होता 1 लाख, तो आज मिलता कितना? कैलकुलेशन देख फटी रह जाएंगी आंखें

Gold MCX price history: सोने ने इस साल अब तक शानदार रिटर्न दिया है और अगले साल भी इसके बेहतर करने की उम्मीद है। पिछले 10 सालों में मिले गोल्ड रिटर्न की कैलकुलेशन होश उड़ाने वाली है।
2 min read
Dec 25, 2025
Feature image

Gold investment returns last 10 years: सोने में निखार जारी है। इसकी कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। ऐसे में जिन लोगों ने पहले निवेश कर लिया था, उनके चेहरे खिले हैं। वहीं, जो निवेश के सही मौके, यानी कीमतों में बड़ी गिरावट का इंतजार कर रहे थे, उनके चेहरों पर मायूसी है। गोल्ड का 2026 का आउटलुक भी पॉजिटिव है। अधिकांश कमोडिटी एक्स्पर्ट्स का मानना है कि सोना अगले साल भी उछाल के साथ आगे बढ़ सकता है। वैश्विक स्तर पर कई ऐसे फैक्टर मौजूद हैं, जो गोल्ड के दाम को हवा दे सकते हैं।

इतनी बढ़ गई होती वैल्यू

चलिए यह जानने का प्रयास करते हैं कि अगर आपने 2015 में सोने में एक लाख रुपए का निवेश किया होता, तो आज उसकी वैल्यू क्या होती। एनडीटीवी प्रॉफिट की रिपोर्ट के अनुसार, 24 दिसंबर, 2015 को सोने का MCX स्पॉट प्राइस 25,148 रुपए प्रति 10 ग्राम था। इस हिसाब से एक लाख रुपए के निवेश पर लगभग 39.8 ग्राम सोना मिला होगा। 24 दिसंबर, 2025 तक, गोल्ड का MCX स्पॉट प्राइस बढ़कर 1,36,153 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। ऐसे में उस होल्डिंग की वैल्यू भी बढ़कर 5,30,996 रुपए पहुंच गई है।

10 सालों में शानदार रिटर्न

इससे पता चलता है कि पिछले 10 सालों में सोने ने 430.99% की बढ़ोतरी दर्ज की है। तब एक लाख लगाने वाले के निवेश की कुल वैल्यू आज बढ़कर 5 लाख रुपए हो गई होती। सोने के दाम में तेजी की कई वजह हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध और चीन-अमेरिका ट्रेड वॉर आदि ने गोल्ड में निवेश को बढ़ावा दिया है। इसके अलावा, केंद्रीय बैंकों द्वारा अपने गोल्ड रिजर्व में वृद्धि भी सोने का निखार बढ़ा रही है। चीन ने एक बार फिर से सोने की खरीदी तेज कर दी है।

अगले साल का अनुमान

जानकारों का मानना है कि गोल्ड के दामों में तेजी 2026 में भी बरकरार रहेगी। नए साल में सोने में 10% से 12% की बढ़त बनी रह सकती है। घरेलू बाजार में सोने के दाम 1,50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में 4,820 डॉलर प्रति औंस पहुंच सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड के लिए नीचे की तरफ सपोर्ट 3,420 डॉलर के आसपास है। अगर रिस्क सेंटिमेंट बेहतर होता है या ETF फ्लो रिवर्स होता है तो 15% से 20% की अतिरिक्त गिरावट से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

अभी क्या चल रहे दाम?

सोने और चांदी के 25 दिसंबर के दाम पर भी एक नजर डाल लेते हैं। गुड रिटर्न्स के अनुसार, 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 1,39,250 रुपए चल रही है। वहीं, चांदी 2,34,000 रुपए प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध है। इस साल चांदी ने सोने से ज्यादा रिटर्न दिया है। गोल्ड की कीमतों में मजबूती आई है, लेकिन चांदी की छलांग सबसे ऊंची रही है। सिल्वर ने शेयर बाजार को भी पीछे छोड़ दिया है। निफ्टी का इस साल (YTD) का रिटर्न 10.09% रहा है। जबकि चांदी 140% को पार कर गई है।

Updated on:
25 Dec 2025 10:57 am
Published on:
25 Dec 2025 10:54 am