
Gold Silver Price Today: सोने की कीमतें इस हफ्ते भी गिरावट के साथ बंद हुई हैं। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध फिर से शुरू होने से यूएस फेड रेट के बढ़ने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। इससे सोने की कीमतों पर दबाव दिखाई दे रहा है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, आज शनिवार को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,43,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 1,31,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 1,07,620 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।
बीते शनिवार, 11 जुलाई को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,44,480 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। इस तरह एक हफ्ते में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत में 1040 रुपये की गिरावट आई है। वहीं, 22 कैरेट गोल्ड का रेट बीते शनिवार को 1,32,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह इस सोने में एक हफ्ते में 1000 रुपये की गिरावट आई है।
सोने के साथ ही चांदी की घरेलू हाजिर कीमत में भी इस हफ्ते गिरावट दर्ज हुई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, दिल्ली में आज चांदी का भाव 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर है। 11 जुलाई को दिल्ली में चांदी का भाव 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। इस तरह एक हफ्ते में चांदी की कीमतों में 5,000 रुपये की गिरावट आ चुकी है।
अमेरिका और ईरान के बीच जब अंतरिम सीजफायर डील हुई थी, तो ऐसा लग रहा था कि सोने-चांदी में फिर से तेजी का दौर आ सकता है। लेकिन अब हालात बदल गए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष तेज हो गया है। इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा है। ब्रेंट क्रूड उछलकर 88.10 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। वहीं, WTI क्रूड 82.49 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच चुका है। कच्चे तेल में तेजी से महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। ऐसे में फेडरल रिजर्व महंगाई को काबू में करने के लिए इस साल आक्रामक रूप से ब्याज दरें बढ़ा सकता है। उच्च ब्याज दरें सोने पर दबाव डालती हैं। यही कारण है कि सोने में गिरावट देखी जा रही है।
वैश्विक बाजार में सोने का भाव 4000 डॉलर के करीब बना हुआ है। कॉमेक्स पर सोने का भाव 4018.80 डॉलर प्रति औंस पर है। वहीं गोल्ड स्पॉट 4017.39 डॉलर प्रति औंस पर है। चांदी की बात करें, तो इसका भाव कॉमेक्स पर 56.33 डॉलर प्रति औंस पर है। वहीं, सिल्वर स्पॉट 55.91 डॉलर प्रति औंस पर है।