कारोबार

सोना खरीदने का सुनहरा मौका! कीमतों में बड़ी गिरावट, जानिए कितना सस्ता हुआ गोल्ड

सोना खरीदारों के लिए खुशखबरी है। पीली धातु की कीमत में शुक्रवार को 1,000 रुपए से अधिक की गिरावट देखने को मिली है।

2 min read
Jun 06, 2025
सोना खरीदारों के लिए खुशखबरी (Photo - IANS)

Gold Prices: सोना खरीदने की सोच रहे ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। शुक्रवार को सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का दाम 1,018 रुपए गिरकर 97,145 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो पहले 98,163 रुपए था। इसी तरह, 22 कैरेट सोना भी 932 रुपए घटकर 88,985 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। 18 कैरेट सोना अब 72,859 रुपए प्रति 10 ग्राम मिल रहा है, जो पहले 73,662 रुपए था। वहीं, चांदी की कीमतों में बढ़त देखी गई है। चांदी 610 रुपए महंगी होकर 1,05,285 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है, जबकि पहले इसका दाम 1,04,675 रुपए प्रति किलो था।

1,000 रुपए से अधिक कम हुई कीमत

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है। सोने का 5 अगस्त 2025 का फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 0.08% बढ़कर 97,957 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी का 4 जुलाई 2025 का फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 1.03% चढ़कर 1,05,522 रुपए पर पहुंच गया। कामा ज्वेलरी के एमडी कॉलिन शाह के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। इस महीने के मध्य में होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर निवेशकों की नजर है, जिससे सोने की चाल की आगे की दिशा तय होगी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक, सोना 0.24% चढ़कर 3,383.61 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.40% बढ़कर 36.298 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।

जनवरी से अब तक बड़ा उछाल

1 जनवरी 2025 से अब तक 24 कैरेट सोने के दाम में 27.55% यानी 20,983 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह, चांदी के भाव में 22.40% यानी 19,268 रुपए प्रति किलो का उछाल आया है। कुल मिलाकर, मौजूदा गिरावट सोना खरीदने वालों के लिए एक अच्छा अवसर बन सकती है।

Updated on:
06 Jun 2025 08:25 pm
Published on:
06 Jun 2025 07:38 pm
Also Read
View All

अगली खबर