कारोबार

अब AI सवालों के जवाब ही नहीं, आपका बताया काम भी कर देगा, Google ला रहा 24×7 पर्सनल AI एजेंट Remy, जानिए क्यों है यह खास

Google Gemini के लिए ‘Remy’ नाम का नया AI एजेंट बना रहा है, जो यूजर की तरफ से कई काम खुद कर सकेगा। यह ईमेल, कैलेंडर, मैसेज और दूसरे डिजिटल टास्क संभालने में मदद करेगा।

3 min read
May 06, 2026
गूगल नया एआई एजेंट ला रहा है। (PC: AI)

अब AI सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहने वाला। Google ऐसी तकनीक पर काम कर रहा है, जो आपके कहे बिना भी कई जरूरी काम खुद संभाल सकती है। कंपनी का नया AI प्रोजेक्ट ‘Remy’ इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल इस समय Gemini के लिए एक खास AI एजेंट तैयार कर रहा है। अंदरूनी तौर पर इसका कोडनेम ‘Remy’ रखा गया है। कंपनी इसे ऐसा “24x7 पर्सनल एजेंट” बनाना चाहती है, जो ऑफिस, पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी के काम आसान कर दे। सीधी भाषा में समझें तो यह सिर्फ चैटबॉट नहीं होगा। अभी तक Gemini जैसे AI टूल सवालों के जवाब देते हैं, कंटेंट लिखते हैं या जानकारी खोजते हैं। लेकिन Remy उससे दो कदम आगे जाने वाला है। यह यूजर की तरफ से काम भी करेगा।

ये भी पढ़ें

TVK Chief Vijay Net Worth: एक फिल्म के 150 करोड़ लेने वाले थलापति विजय के पास हैं बेशुमार प्रॉपर्टीज, लग्जरी गाड़ियों का भी है शौक, जानिए नेटवर्थ

Gemini ऐप को डिजिटल असिस्टेंट में बदलेगा

गूगल के एक इंटरनल डॉक्यूमेंट में कहा गया है कि Remy, Gemini ऐप को एक असली डिजिटल असिस्टेंट में बदल देगा। यानी ऐसा सहायक जो सिर्फ सलाह न दे, बल्कि काम भी निपटाए। रिपोर्ट के मुताबिक, Remy काफी हद तक OpenClaw जैसा लग रहा है। OpenClaw वही AI प्लेटफॉर्म है जिसने इस साल इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। यह यूजर की तरफ से ईमेल का सार निकाल सकता है, कैलेंडर संभाल सकता है, मैसेज का जवाब दे सकता है और वेबसाइट्स पर जाकर कई स्टेप वाले काम भी कर सकता है। बाद में इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि OpenAI ने इसे खरीद लिया।

गूगल का नया एजेंट भी कुछ ऐसा ही करने की तैयारी में है। बताया गया है कि Remy, गूगल के पूरे इकोसिस्टम से गहराई से जुड़ा होगा। यह उन चीजों पर नजर रखेगा जो यूजर के लिए जरूरी हैं, मुश्किल काम खुद मैनेज करेगा और समय के साथ यूजर की पसंद-नापसंद भी सीख जाएगा।

पहले कर्मचारी करेंगे टेस्टिंग

यानी अगर आपकी मीटिंग्स, ईमेल, ट्रैवल प्लान या रोज के डिजिटल काम बिखरे रहते हैं, तो यह AI उन्हें अपने आप संभाल सकता है। फिलहाल कंपनी ने Remy की लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। रिपोर्ट में इसे “dogfooding project” बताया गया है। टेक इंडस्ट्री में इसका मतलब होता है कि कंपनी पहले अपने कर्मचारियों से ही नए प्रोडक्ट की टेस्टिंग करवाती है।

इस इवेंट में दिख सकती है झलक

हालांकि, इस महीने होने वाले Google I/O इवेंट में इसकी झलक देखने को मिल सकती है। गूगाल पहले भी अपने बड़े AI प्रोजेक्ट्स इसी इवेंट में पेश करता रहा है। खासकर तब से, जब कंपनी ने पिक्सल फोन लॉन्च को अक्टूबर में शिफ्ट किया है।

हाल के महीनों में गूगल ने Gemini 2.5 Pro, गूगल सर्च का एआई मोड और डीप रिसर्च जैसे फीचर्स लॉन्च किए हैं। कंपनी पहले भी कई AI प्रोजेक्ट दिखा चुकी है, जिन्हें तुरंत लॉन्च नहीं किया गया। इनमें Project Mariner भी शामिल है, जो ब्राउजर का इस्तेमाल करके यूजर की तरफ से कई स्टेप वाले काम पूरा कर सकता है।

क्या है Remy का मतलब

Remy नाम को लेकर भी दिलचस्प चर्चा हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह नाम लैटिन शब्द “Remigus” से लिया गया हो सकता है, जिसका मतलब होता है नाव चलाने वाला व्यक्ति। यानी ऐसा सहायक जो मेहनत का बड़ा हिस्सा खुद संभाले। कुछ लोग इसे Pixar की मशहूर फिल्म Ratatouille के किरदार Remy से भी जोड़कर देख रहे हैं।

पहले आया था एजेंट स्मिथ

इससे पहले भी एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि गूगल कर्मचारियों को “एजेंट स्मिथ” नाम का एक इंटरनल एआई टूल दिया गया है। यह कोडिंग जैसे काम अपने आप कर सकता है। इसका नाम फिल्म द मेट्रिक्स के मशहूर किरदार एजेंट स्मिथ से प्रेरित बताया गया था।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि एजेंट स्मिथ में ऐसा फीचर मौजूद है, जिससे कर्मचारी अपने मोबाइल फोन पर इंटरनल चैट प्लेटफॉर्म के जरिए AI को काम सौंप सकते हैं और उसकी प्रोग्रेस भी ट्रैक कर सकते हैं।

AI की इस दौड़ में अब कंपनियां सिर्फ स्मार्ट चैटबॉट बनाने तक नहीं रुकना चाहतीं। असली लड़ाई ऐसे डिजिटल एजेंट्स की है, जो इंसानों की तरह काम संभाल सकें। गूगल का Remy उसी दिशा में अगला बड़ा दांव माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें

SIP Tips: 45 की उम्र से अगले 40 साल तक मिलेगी 2 लाख रुपये महीने पेंशन, बस 9,000 रुपये की SIP से करनी होगी शुरुआत
Published on:
06 May 2026 12:18 pm
Also Read
View All