कारोबार

Harvard से डिग्री लेने पर भी नहीं मिली नौकरी, 400 रिजेक्शन झेले, फिर इस तरह मिली गूगल में जॉब

Harvard University से डिग्री लेने के बाद भी भारतीय मूल के कंटेंट क्रिएटर अभिजय अरोरा को 400 से ज्यादा रिजेक्शन झेलने पड़े। जबकि वे 90 लाख रुपये सालाना की लगी-लगाई नौकरी छोड़कर हार्वर्ड पढ़ने गए थे।
2 min read
Nov 27, 2025
Harvard University
हार्वर्ड से पढ़ने के बाद भी जॉब के लिए करना पड़ा संघर्ष (PC:Harvard University)

किसी ऊंचे संस्थान से डिग्री हासिल करना नौकरी की गारंटी नहीं होता। भारतीय मूल के कंटेंट क्रिएटर अभिजय अरोरा (Abhijay Arora) की कहानी यही दर्शाती है। अरोरा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि किस तरह उन्हें हार्वर्ड (Harvard University) से डिग्री हासिल करने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। 400 से ज्यादा रिजेक्शन झेलने पड़े।

इस वजह से छोड़ी पहली नौकरी

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से MBA करना अभिजय अरोरा का सपना था। उन्हें यह उम्मीद थी कि अमेरिका की इस विश्व प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई करने के बाद उनका करियर एकदम से उड़ान भरने लगेगा। इसी उम्मीद में उन्होंने 2022 में स्विट्जरलैंड में लगी-लगाई नौकरी छोड़ दी। इस नौकरी से वह प्रतिवर्ष 90 लाख रुपए कमा रहे थे। अभिजय ने कहा, 'यूएस में पढ़ाई करना मेरा सपना था। इसके अलावा, नौकरी छोड़ने की एक वजह यह भी थी कि मेरे मैनेजर ने साफ कर दिया था कि मुझे प्रमोट नहीं किया जाएगा।

विदेशों में पढ़ाई की सच्चाई पता चली

अपने पोस्ट में अभिजय अरोरा ने लिखा है कि विदेश में पढ़ाई का अनुभव जरूर शानदार रखा, लेकिन एमबीए करने के बाद उन्हें यह अहसास हो गया कि केवल अच्छी डिग्री ही सब कुछ नहीं होती। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी जैसे नाम के बावजूद उनके पास नौकरी का कोई ऑफर नहीं था। अरोरा ने नौकरी के कम से कम 400 आवेदन किए, मगर हर जगह से मायूसी ही हाथ लगी। अभिजय अरोरा ने कहा - मैं हर रोज अप्लाई करता, लेकिन कहीं से कोई अच्छी खबर नहीं मिलती। लिंक्डइन से लेकर नौकरी तलाशने का हर तरीका नाकाम रहा।

अनिश्चितता के लिए भी तैयार रहें

बार-बार रिजेक्शन के बाद अरोरा ने अपनी रणनीति बदली। करीब छह महीने की कोशिश के बाद आखिरकार उन्हें गूगल (YouTube) में प्रोडक्ट मैनेजर की नौकरी मिल गई। अरोरा का कहना है कि वह किसी को हायर एजुकेशन के बारे में हतोत्साहित नहीं करना चाहते। बल्कि वह चाहते हैं कि लोग इस सच्चाई को समझें कि किसी बड़े संस्थान से पढ़ाई करना नौकरी की गारंटी नहीं होता। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि अगर आप अपनी आरामदायक नौकरी छोड़ रहे हैं, तो भविष्य में आने वाली अनिश्चितता के लिए भी तैयार रहें। अभिजय ने यह भी कहा कि वह गूगल में नौकरी पाने के टिप्स शेयर करने को तैयार हैं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

वहीं, अरोरा के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक यूजर ने लिखा है कि अगर अरोरा नौकरी छोड़ने और एमबीए पर 200k खर्च करने के बजाए केवल रोल स्विच कर लेते, तो आज 300–400k कमा रहे होते। एक अन्य यूजर ने ताज्जुब जताया कि कैसे हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद कोई नौकरी के लिए संघर्ष कर सकता है। जबकि कुछ अन्य यूजर ने अरोरा से जानना चाहा कि तमाम परेशानियों के बावजूद उन्होंने गूगल में नौकरी कैसे हासिल की।

Published on:
27 Nov 2025 11:17 am