
कई होम लोन ग्राहक ऐसे होते हैं, जो कर्ज लेकर पछताते हैं। सही प्लानिंग और वित्तीय अनुशासन के अभाव में ऐसा होता है। होम लोन सबसे लंबी अवधि का लोन होता है। अक्सर यह किसी व्यक्ति के जीवन का सबसे बड़ा कर्ज होता है। होम लोन लेते समय ग्राहक को अपनी सैलरी और भविष्य में इनकम की संभावनाओं के बारे में भी विचार कर लेना चाहिए। अगर आपके पास कोई स्थायी इनकम सोर्स नहीं है या आपकी नौकरी पर खतरा है, तो बाद में आप वित्तीय संकट में फंस सकते हैं। इस आर्टिकल में हम जानेंगे कि होम लोन लेने के लिए आपकी सैलरी कितनी होनी चाहिए।
होम लोन लेने से पहले ग्राहक को एक मार्केट सर्वे कर लेना चाहिए। जहां सबसे कम ब्याज दर और सबसे कम प्रोसेसिंग फीस हो, वहां से होम लोन लेना फायदेमंद रहेगा। देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक की बात करें, तो यह होम लोन पर न्यूनतम 7.90 फीसदी ब्याज दर ऑफर कर रहा है। बैलेंस ट्रांसफर लोन्स, हाउस रिनोवेशन लोन और होम एक्सटेंशंस लोन्स पर भी बैंक 7.90 फीसदी न्यूनतम ब्याज दर ऑफर कर रहा है। यह ब्याज दर पॉलिसी रेपो रेट से बेंचमार्क्ड है।
| लोन की अवधि | मासिक EMI | कुल चुकाया गया ब्याज |
| 30 साल | ₹43,608 | ₹96,98,997 |
| 25 साल | ₹45,912 | ₹77,73,662 |
| 20 साल | ₹49,814 | ₹59,55,273 |
अगर आप एचडीएफसी बैंक से 60 लाख रुपये का होम लोन 7.9 फीसदी ब्याज दर पर 30 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 43,608 रुपये की बनेगी। इस लोन में आप 30 साल में कुल ब्याज 96,98,997 रुपये चुकाएंगे। अगर आप यह लोन 25 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 45,912 रुपये की बनेगी। यहां आप कुल ब्याज 77,73,662 रुपये चुकाएंगे। यही लोन आप 20 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली ईएमआई 49,814 रुपये की बनेगी। यहां आप कुल ब्याज 59,55,273 रुपये चुकाएंगे।
| लोन की अवधि | मासिक EMI | न्यूनतम मासिक सैलरी |
| 30 साल | ₹43,608 | ₹87,217 |
| 25 साल | ₹45,912 | ₹91,824 |
| 20 साल | ₹49,814 | ₹99,628 |
अगर आपके पास पहले से कोई दूसरे लोन नहीं है, तो बैंक आपको आपकी मंथली सैलरी के 50 फीसदी रकम के बराबर ईएमआई वाला लोन दे देते हैं। ऐसे में एचडीएफसी बैंक से 60 लाख रुपये का होम लोन 7.9 फीसदी ब्याज दर पर 30 साल के लिए लेने के लिए आपकी न्यूनतम मंथली सैलरी 87,217 रुपये होनी चाहिए। आप यह लोन 25 साल के लिए लेते हैं, तो मंथली सैलरी 91,824 रुपये होनी चाहिए। यही लोन आप 20 साल के लिए लेते हैं, तो आपकी मंथली सैलरी 99,628 रुपये होनी चाहिए।