कारोबार

आपके Aadhaar Card का कोई मिसयूज तो नहीं कर रहा? इस तरह घर बैठे कर सकते हैं चेक

How to Check Aadhaar History: आधार कार्ड का इस्तेमाल कहां और कब हुआ है, इसकी जानकारी अब घर बैठे ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। UIDAI पिछले 6 महीनों की ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखने की सुविधा देता है।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 5:10 PM IST
Aadhaar Authentication History
आधार कार्ड की ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री को चेक किया जा सकता है। (PC: AI)

आज के समय में आधार कार्ड सिर्फ पहचान पत्र नहीं, बल्कि बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, मोबाइल कनेक्शन और कई दूसरी जरूरी सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट बन चुका है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति आपकी जानकारी के बिना आधार का इस्तेमाल करता है तो यह आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। कई बार लोगों को पता भी नहीं चलता कि उनके आधार नंबर से कब और कहां वेरिफिकेशन किया गया है। लेकिन अब आप घर बैठे इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) आधार कार्ड धारकों को एक ऑनलाइन सुविधा देता है, जिसकी मदद से पिछले छह महीनों की आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखी जा सकती है।

इससे आप पता लगा सकते हैं कि आपके आधार का इस्तेमाल कब, किस तरह और किस संस्था की ओर से किया गया है। अगर कोई ऐसी गतिविधि दिखाई देती है, जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है, तो समय रहते शिकायत भी कर सकते हैं।

आधार कार्ड की ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री कैसे चेक करें?

UIDAI ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट और myAadhaar पोर्टल पर आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखने की सुविधा दी है। इसके लिए आपको किसी आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं है। मोबाइल या कंप्यूटर से कुछ आसान स्टेप्स में यह जानकारी मिल सकती है।

स्टेप 1: सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://uidai.gov.in पर जाएं। यहां Aadhaar Authentication History का विकल्प चुनें। आप सीधे myAadhaar पोर्टल के जरिए भी इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं।

स्टेप 2: अब दिए गए बॉक्स में अपना 12 अंकों का आधार नंबर या 16 अंकों का वर्चुअल आईडी (VID) दर्ज करें।

स्टेप 3: अब कैप्चा कोड भरें।

स्टेप 4: इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। इसे दर्ज करके वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करें।

स्टेप 5: लॉगिन होने के बाद आपके सामने आधार से जुड़ी ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री दिखाई देगी।

इसमें आप हर ट्रांजैक्शन की तारीख, समय, ऑथेंटिकेशन का प्रकार, ऑथेंटिकेशन करने वाली संस्था (AUA) और उसका स्टेटस देख सकते हैं।इस सुविधा के जरिए पिछले 6 महीनों की हिस्ट्री देखी जा सकती है। एक बार में अधिकतम 50 रिकॉर्ड देखने की सुविधा मिलती है।

आधार हिस्ट्री में कोई अनजान ट्रांजैक्शन दिखे तो क्या करें?

अगर आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री चेक करते समय आपको कोई ऐसा ट्रांजैक्शन दिखाई देता है, जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है, तो उसे नजरअंदाज न करें। सबसे पहले उस ट्रांजैक्शन की तारीख, समय और उपलब्ध दूसरी जानकारियां ध्यान से देखें। इसके बाद संबंधित संस्था या सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क करके पूछें कि आपके आधार का इस्तेमाल किस काम के लिए किया गया था।

अगर आपको लगता है कि आपके आधार का गलत इस्तेमाल हुआ है, तो UIDAI के शिकायत निवारण माध्यमों से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा UIDAI के टोल फ्री नंबर 1947 पर भी संपर्क किया जा सकता है। शिकायत करते समय संबंधित ट्रांजैक्शन की जानकारी और रेफरेंस नंबर अपने पास रखें। इससे मामले की जांच करने में मदद मिल सकती है।

आधार कार्ड को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये 4 तरीके

आधार की ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री चेक करने के अलावा कुछ दूसरी सावधानियां भी जरूरी हैं। UIDAI ने आधार धारकों को कई ऐसी सुविधाएं दी हैं, जिनकी मदद से निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल होने की आशंका कम की जा सकती है।

  1. बायोमेट्रिक लॉक की सुविधा का इस्तेमाल करें

आधार कार्ड में फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतली (Iris) से जुड़ी जानकारी भी दर्ज होती है। अगर आपको बायोमेट्रिक जानकारी के गलत इस्तेमाल का डर है तो बायोमेट्रिक लॉक सुविधा चालू कर सकते हैं। इसे एक्टिव करने के बाद आपके फिंगरप्रिंट और आइरिस के जरिए आधार ऑथेंटिकेशन नहीं किया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर आप खुद इसे अनलॉक कर सकते हैं। यह सुविधा myAadhaar पोर्टल और mAadhaar ऐप पर उपलब्ध है।

  1. आधार नंबर की जगह VID का इस्तेमाल करें

आधार नंबर को सुरक्षित रखने के लिए आप वर्चुअल आईडी (VID) का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह 16 अंकों की एक अस्थायी आईडी होती है, जिसका इस्तेमाल आधार नंबर की जगह ऑथेंटिकेशन के लिए किया जा सकता है। इससे आपको हर जगह अपना असली आधार नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ती। UIDAI आधार नंबर को लॉक करने की सुविधा भी देता है।

  1. मास्क्ड आधार कार्ड का यूज करें

किसी भी संस्था या व्यक्ति को जरूरत के बिना आधार कार्ड की फोटोकॉपी देने से बचें। अगर किसी जगह सिर्फ पहचान की जानकारी देना जरूरी है तो मास्क्ड आधार का इस्तेमाल कर सकते हैं। मास्क्ड आधार में आपके 12 अंकों के आधार नंबर में से शुरुआती 8 अंक छिपे रहते हैं और सिर्फ आखिरी 4 अंक दिखाई देते हैं। इससे आपका पूरा आधार नंबर दूसरों के सामने नहीं आता।

Updated on:
13 Nov 2026, 5:10 PM IST
Published on: