कारोबार

IDFC First Bank Share Price 27th July: पहली तिमाही में 132% बढ़ा मुनाफा तो 9% उछल गया शेयर, जानिए क्या है ब्रोकरेज फर्म्स की राय

IDFC First Bank Share Target Price: सोमवार को बैंक के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली। शेयर पर ब्रोकरेज फर्मों ने ADD और Neutral रेटिंग दी है। बैंक के जून तिमाही नतीजों में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 132.4 फीसदी बढ़ा।
2 min read
Jul 27, 2026
IDFC Share Price News
IDFC के शेयर में तेजी आई। (फोटो: AI)

IDFC First Bank Q1 Results 2026:आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) के शेयर ने सोमवार को शानदार तेजी के साथ शुरुआत की। शेयर बाजार खुलते ही शेयर में 9 फीसदी की बड़ी तेजी देखने को मिली। जून तिमाही में बैंक ने अब तक का सबसे अधिक 1,075 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। मजबूत कमाई, ब्याज आय में बढ़ोतरी और बैंक के नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) में कमी के चलते बैंक के शेयर में तेजी आई।

रिकॉर्ड मुनाफे से निवेशकों में उत्साह

पहली तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 132.4 फीसदी बढ़कर 1,075 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान तिमाही में बैंक ने 463 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 21.1 फीसदी बढ़कर 5,972.3 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 4,933 करोड़ रुपये थी। वहीं, नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) भी बढ़कर 5.96 फीसदी पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 5.71 फीसदी था।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First BanK Share Price)

सोमवार को बाजार खुलते ही शेयर की कीमत NSE पर 9.68 फीसदी उछलकर 88.76 रुपये पर पहुंच गई, जो इसका नया 52 वीक हाई लेवल है। सुबह 9 बजकर 58 मिनट पर शेयर की तेजी में कुछ कमी आई और यह 6.30 फीसदी की तेजी के साथ 85.88 रुपये पर कारोबार करता नजर आया।

Soruce: NSE
पैरामीटरआंकड़े
1 सप्ताह का रिटर्न (1W)5.01%
1 महीने का रिटर्न(1M)8.41%
1 साल का रिटर्न (1Y)21.47%
मार्केट कैप₹74,079.52 करोड़
52 सप्ताह का उच्च स्तर₹88.76(27 जुलाई 2026)
52 सप्ताह का निचला स्तर₹58.08(02 अप्रैल 2026)

न चुकाने वाले लोन में कमी आई

बैंक की एसेट क्वालिटी में भी सुधार हुआ। ग्रोस एनपीए (NPA) घटकर 1.51 फीसदी रह गया, जो एक साल पहले 1.97 फीसदी था। तिमाही आधार पर भी इसमें 10 बेसिस प्वाइंट की कमी आई। इसके साथ ही बैंक को अपनी माइक्रोफाइनेंस (MFI) पोर्टफोलियो के लिए CGFMU योजना के तहत 514.8 करोड़ रुपये का क्लेम मिला।

ब्रोकरेज की राय और टार्गेट प्राइस

Emkay ने बैंक पर 'ADD' रेटिंग बरकरार रखते हुए 85 रुपये का टार्गेट प्राइस दिया है। फर्म को उम्मीद है कि आने वाले कुछ सालों में पॉजिटिव ऑपरेटिंग जॉज और कम प्रोविजनिंग से रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) में सुधार होगा। वहीं, मोतीलाल ओसवाल ने 'Neutral' रेटिंग के साथ 90 रुपये का टार्गेट प्राइस दिया है।

बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ वी. वैद्यनाथन ने कहा कि पिछले वर्षों में किए गए निवेश अब बेहतर ऑपरेटिंग लेवरेज में बदल रहे हैं। इसी का परिणाम है कि पहली तिमाही में मुनाफा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा और बैंक का रिटर्न ऑन एसेट (ROA) भी 1 फीसदी के पार निकल गया।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
27 Jul 2026 10:54 am
Published on:
27 Jul 2026 10:54 am