कारोबार

Income Tax: गलत ITR भरना पड़ सकता है भारी, 50% से 200% तक जुर्माना कब लगता है? जानिए नियम

Income tax penalties explained: इनकम टैक्स नियमों के तहत गलत रिपोर्टिंग और टैक्स डिफॉल्ट पर 50% से 200% तक जुर्माना लगाया जा सकता है। सही जानकारी देना और समय पर भुगतान करना ही पेनल्टी से बचने का सबसे सुरक्षित तरीका है।
2 min read
Apr 20, 2026
Income Tax Rules
किसी से बड़ा कैश उधार लेना आपको भारी पड़ सकता है। (PC: File Photo)

Income Tax Act India: भारत में इनकम टैक्स नियमों को लेकर सख्ती लगातार बढ़ रही है और टैक्सपेयर्स के लिए सही जानकारी देना बेहद जरूरी हो गया है। हाल के समय में टैक्स डिफॉल्ट और गलत रिपोर्टिंग के मामलों में तेजी देखी गई है। इसी के चलते अब आयकर विभाग ने पेनल्टी नियमों को स्पष्ट किया है, जिसमें 50 प्रतिशत से लेकर 200 प्रतिशत तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में इस जुर्माने से बचा जा सकता है। कानून टैक्सपेयर्स को यह विकल्प देता है कि वे कम रिपोर्ट की गई आय पर लगने वाले जुर्माने से छूट (इम्युनिटी) पाने का अनुरोध कर सकें।

इनकम टैक्स से जुड़ी पेनल्टी मुख्य रूप से दो कंडीशन पर लगती है। पहली है, जब कोई व्यक्ति समय पर टैक्स भुगतान नहीं करता और दूसरा, जब वह अपनी आय की गलत जानकारी देता है। इन दोनों मामलों के लिए अलग-अलग कानूनी प्रावधान बनाए गए हैं ताकि टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता बनी रहे।

अंडर रिपोर्टिंग बनाम मिसरिपोर्टिंग पेनल्टी

आय की अंडर रिपोर्टिंग और मिसरिपोर्टिंग पेनल्टी के कारण भारी जुर्माना लग सकता है। ये प्रावधान नए आयकर अधिनियम की धारा 439 में दिए गए हैं। अंडर रिपोर्टिंग का मतलब है कि टैक्सपेयर ने अपनी वास्तविक आय से कम आय दिखाई है, जो अक्सर गलती या गलत कैलकुलेशन के कारण होता है। ऐसे मामलों में कुल टैक्स देनदारी पर 50 प्रतिशत तक की पेनल्टी लगाई जाती है। यह अपेक्षाकृत हल्का उल्लंघन माना जाता है।

दूसरी ओर, मिसरिपोर्टिंग एक गंभीर अपराध है, जिसमें जानबूझकर गलत जानकारी दी जाती है या आय छिपाई जाती है। इसमें फर्जी खर्च दिखाना, गलत एंट्री करना या ट्रांजेक्शन छिपाना शामिल है। ऐसे मामलों में पेनल्टी सीधे 200 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जो टैक्स चोरी को रोकने के लिए सख्त कदम माना जाता है।

टैक्स डिफॉल्ट नियम

टैक्स पेमेंट में चूक करने पर पेनल्टी इनकम टैक्स एक्ट, 1961 की धारा 220(2) और 221 के तहत लगाई जाती है। इसके तहत यदि कोई टैक्सपेयर निर्धारित समय के भीतर टैक्स का भुगतान नहीं करता है, तो उसे डिफॉल्टर माना जाता है। यदि व्यक्ति 30 दिनों के भीतर भुगतान नहीं करता तो ऐसे मामलों में पहले नोटिस जारी किया जाता है और इसके बाद ब्याज तथा पेनल्टी लागू होती है। यदि फिर भी वह पेमेंट में चूक करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो सकती है।

लगातार डिफॉल्ट की स्थिति में आयकर विभाग बैंक खाते अटैच करने, संपत्ति जब्त करने और रिकवरी प्रोसेस शुरू करने जैसे कदम उठा सकता है। यह प्रक्रिया कानूनी रूप से निर्धारित होती है, लेकिन बार-बार भुगतान न करने पर मामला गंभीर हो जाता है और अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

कुछ मामलों में पेनल्टी से राहत

इनकम टैक्स एक्ट 2025 (ITA) में कुछ बदलाव किए गए हैं, लेकिन पेनल्टी से जुड़े मुख्य नियम पहले जैसे ही हैं। हालांकि, सरकार ने कुछ मामलों में राहत का विकल्प भी दिया है। यदि टैक्सपेयर समय पर टैक्स और ब्याज का भुगतान कर देता है, तो वह पेनल्टी से आंशिक या पूर्ण राहत पा सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि “यदि टैक्सपेयर पूरा टैक्स और ब्याज समय पर जमा कर देता है और अपील नहीं करता, तो वह पेनल्टी से बच सकता है।” इसके अलावा, एक निर्धारित समय सीमा के भीतर इम्युनिटी के लिए आवेदन करना जरूरी होता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ से राहत मिल सकती है।

Updated on:
20 Apr 2026 09:36 am
Published on:
20 Apr 2026 09:36 am