कारोबार

दुनिया ने देखा हमारा जलवा, भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जापान छूटा पीछे, अब जर्मनी की बारी

India overtakes Japan economy: साल 2025 खत्म होने से पहले जीडीपी के मोर्चे पर भारत को बड़ी खुशखबरी मिली है। भारत की अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है।

2 min read
Dec 31, 2025
Indian Economy
सरकार ने बताया है कि भारत की अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है, (PC:AI)

India fourth largest economy: अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भारत को बड़ी खुशखबरी मिली है। केंद्र सरकार ने बताया है कि भारत जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत की अर्थव्यवस्था का आकार 4.18 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है। केंद्र का यह भी कहना है कि अगर इकोनॉमी इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही, तो जर्मनी भी पीछे छूट जाएगा।

अमेरिका सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

फिलहाल, अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है। दूसरे नंबर पर पड़ोसी चीन और तीसरे पर जर्मनी है। चौथे पर अब भारत का कब्जा हो गया है। अनुमान है कि 2028-30 तक भारत की अर्थव्यवस्था 7.3 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा छू सकती है। इस स्थिति में भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।

उथल-पुथल भी नहीं रोक पाई हमें

सरकार ने बताया है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। हमारी इकोनॉमी लगातार मजबूती से आगे बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में रियल जीडीपी वृद्धि डर 8,2 प्रतिशत रही है, जो पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के 7.4% से ज्यादा है। इससे पता चलता है कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। अगर यही रफ्तार कायम रहती है तो अगले कुछ सालों में भारत जर्मनी को पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

इंटरनेशनल एजेंसियां को भी भरोसा

केंद्र सरकार ने यह भी बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जीडीपी ग्रोथ के अपने अनुमान को 6.8% से बढ़ाकर 7.3% कर दिया है। इसके अलावा, अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियां भी भारत की अर्थव्यवस्था में मजबूती को लेकर आश्वस्त हैं। वर्ल्ड बैंक ने 2026 के लिए भारत की अर्थव्यवस्था के 6.5% की दर से भागने का अनुमान जाहिर किया है। मूडीज ने 2026 के लिए 6.4% और 2027 के लिए अनुमान 6.5% रखा है। इसी तरह अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने 2025 के लिए अपने अनुमान को बढ़ाकर 6.6% और 2026 के लिए 6.2 प्रतिशत कर दिया है। वहीं, एशियन डेवलपमेंट बैंक ने 2025 के लिए अपना अनुमान बढ़ाकर 7.2% कर दिया है। जबकि, फिच ने मज़बूत कंज्यूमर डिमांड के कारण FY26 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7.4% कर दिया है।

Updated on:
31 Dec 2025 08:02 am
Published on:
31 Dec 2025 07:57 am