कारोबार

Anil Ambani के बेटे के पास है दौलत का पूरा पहाड़, जानिए कितने अमीर हैं मुश्किल में फंसे Jai Anmol

Jai Anmol Ambani net worth: अनिल अंबानी के बड़े बेटे जय अनमोल लंदन से पढ़ाई करने के बाद फैमिली बिजनेस से जुड़े और समूह की कंपनियों के कर्ज के बोझ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
2 min read
Dec 10, 2025
Jai Ambani News
अनिल अंबानी के बड़े बेटे जय के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। (PC: AI)

Jai Anmol Ambani news: लाइमलाइट से दूर रहने वाले अनिल अंबानी के बड़े बेटे जय अनमोल इस समय सुर्खियों में हैं। हालांकि, जिस वजह से वह सुर्खियों में हैं वह उनके परिवार की मुश्किलों को दर्शाती है। सीबीआई ने रिलायंस होम फाइनेंस और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस से जुड़ी कंपनियों की धोखाधड़ी के मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। बता दें कि अनिल अंबानी समूह बड़े संकट से गुजर रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) से लेकर सीबीआई तक तमाम जांच एजेंसियां समूह पर घेरा कस चुकी हैं।

बिजनेस में कर रहे पिता की मदद

मुकेश अंबानी का परिवार अक्सर खबरों में बना रहता है। उनके बेटों से लेकर परिवार के हर सदस्य का नाम लोगों को मुंह-जुबानी याद है। लेकिन अनिल अंबानी के परिवार के बारे में ज्यादा चर्चा नहीं होती। अनिल के बेटे जय अनमोल और अंशुल लाइमलाइट से दूर रहते हैं। जय अनमोल, अनिल अंबानी परिवार के बड़े बेटे हैं। वह अपने पिता के साथ कारोबार में पिछले काफी समय से सक्रिय हैं। बताया जाता है कि जय अनमोल की आगे की सोच और रणनीतिक भूमिकाओं के चलते समूह की कंपनियों के कर्जे में कमी आई है। हालांकि, समूह पर संकट इतना बड़ा है कि एक के बाद एक परेशानियां सामने आती रहती हैं।

ट्रेनी से एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर

जय अनमोल अंबानी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई की और उसके बाद हायर एजुकेशन के लिए ब्रिटेन चले गए। उन्होंने इंग्लैंड के Warwick Business School से बेचलर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई पूरी करने के बाद जय भारत लौटे और रिलायंस कैपिटल के साथ बतौर ट्रेनी अपने करियर की शुरुआत की। इसके अलावा, उन्होंने रिलायंस म्यूचुअल फंड में इंटर्नशिप भी की, ताकि कारोबार की बारीकियों को समझा जा सके। 2016 में वह रिलायंस कैपिटल बोर्ड के एडिशनल डायरेक्टर बने। एक साल के अंदर ही उन्हें एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर प्रमोट कर दिया गया।

बड़े निवेश के लिए निप्पॉन को मनाया

जय 2018 में रिलायंस निप्पॉन लाइफ एसेट मैनेजमेंट और रिलायंस होम फाइनेंस के बोर्ड का हिस्सा बने। जापानी फर्म निप्पॉन को रिलायंस कैपिटल में बड़ा निवेश करने के लिए जय ने ही मनाया किया था। उन्होंने निप्पॉन के सामने ग्रोथ की संभावनाओं के ऐसे आंकड़े पेश किए कि जापानी फर्म निवेश के लिए तैयार हो गई। जय लगातार समूह की कंपनियों की स्थिति को बेहतर बनाने के प्रयास करते रहे और इसमें काफी हद तक समय भी हुए। उनके रिलायंस समूह का हिस्सा बनने के बाद समूह की कई कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली।

इतनी है जय अंबानी की नेट वर्थ

अनिल अंबानी के बड़े बेटे जय ने भी दौलत का पूरा पहाड़ खड़ा किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जय अनमोल की नेटवर्थ 3.3 अरब डॉलर के आसपास है। जय की शादी कृष्णा शाह से हुई है, जो निकुंज एंटरप्राइजेस लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर निकुंज शाह की बेटी हैं। कृष्णा ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से सोशल पॉलिसी एवं डेवलपमेंट में डिग्री हासिल की है। उनकी नेटवर्थ 3-4 करोड़ रुपए के आसपास बताई जाती है।

अंबानी का आशियाना Adobe

जय अपने परिवार के साथ मुंबई के बांद्रा स्थिति एक 17-मंजिला इमारत में रहते हैं। अंबानी फैमिली के इस आशियाने का नाम Adobe है। यहां, अनिल अंबानी, टीना अंबानी, उनके बेटे जय अनमोल और बहू कृष्णा शाह के साथ-साथ छोटे बेटे अंशुल अंबानी रहते हैं। Adobe की गिनती देश की सबसे महंगी प्रॉपर्टी में होती है, जिसकी मार्केट वैल्यू 5000 करोड़ रुपए के आसपास है। अंबानी के आशियाने में एक हेलीपैड भी है। जय अनमोल को लग्जरी कारों का शौक है। उनकी कारों के कलेक्शन में लेम्बोर्गिनी गैलार्डो और रोल्स-रॉयस फैंटम जैसी कारें हैं।

Updated on:
10 Dec 2025 10:53 am
Published on:
10 Dec 2025 10:41 am