कारोबार

Reliance AGM 2026: 52 करोड़ ग्राहकों वाली Jio ला रही IPO, Mukesh Ambani ने की घोषणा, 27 करोड़ शेयर होंगे जारी

Jio Platforms ने अपने बहुप्रतीक्षित IPO की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए DRHP को मंजूरी दे दी है। मुकेश अंबानी ने इसे भारत की तकनीकी ताकत का प्रतीक बताया। कंपनी 27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी।
2 min read
Jun 19, 2026
Jio Platforms IPO
Jio Platforms आज अपने IPO के लिए सेबी को आवेदन सौंपेगी।

Jio IPO, Reliance AGM 2026: जियो के आईपीओ की लॉन्चिंग के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। रिलायंस ग्रुप की डिजिटल कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स (Jio Platforms) ने शेयर बाजार में उतरने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के बोर्ड ने आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को मंजूरी दे दी है, जिसे आज सेबी के पास जमा किया जाएगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की 49वीं सालाना आम बैठक (AGM) में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की लिस्टिंग सिर्फ एक IPO नहीं होगी, बल्कि यह दुनिया के सामने भारत की तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन भी करेगी। उनका कहना था कि भारत अब केवल टेक्नोलॉजी कंज्यूमर नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर की टेक कंपनियां बनाने वाला देश बन चुका है।

27 करोड़ नए शेयर जारी करेगी कंपनी

स्टॉक एक्सचेंज को भेजी गई जानकारी के मुताबिक जियो प्लेटफॉर्म्स अपने IPO के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। शेयरों की कीमत बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए तय की जाएगी। DRHP को सेबी के साथ-साथ बीएसई और एनएसई में भी दाखिल किया जाएगा।

जमीन के बाद अब आसमान पर नजर

मुकेश अंबानी ने AGM में जियो के भविष्य को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि जियो ने देश को जमीन पर डिजिटल नेटवर्क से जोड़ दिया है और अब कंपनी हवाई माध्यमों से कनेक्टिविटी बढ़ाने की संभावनाओं पर काम कर रही है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि IPO से पहले यह जियो के विस्तार की नई रणनीति का संकेत है। इससे निवेशकों को कंपनी की लॉन्ग टर्म योजनाओं का अंदाजा मिलता है।

कस्टमर बेस ने बनाया नया रिकॉर्ड

एजीएम में बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 जियो के लिए उपलब्धियों से भरा साल रहा। कंपनी का कुल ग्राहक आधार 52.4 करोड़ के पार पहुंच गया। वहीं, 5G यूजर्स की संख्या 26.8 करोड़ से अधिक हो गई है। चीन को छोड़कर किसी एक देश में यह सबसे बड़ा 5G नेटवर्क माना जा रहा है। जियो एयरफाइबर भी तेजी से विस्तार कर रहा है। कंपनी अब तक 1.3 करोड़ घरों को इससे जोड़ चुकी है। इसी के साथ जियो दुनिया का सबसे बड़ा फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड ऑपरेटर बन गया है। डेटा खपत में भी जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी के नेटवर्क पर कुल डेटा उपयोग सालाना आधार पर 30.8 फीसदी बढ़कर 241 एक्साबाइट तक पहुंच गया।

Updated on:
19 Jun 2026 04:07 pm
Published on:
19 Jun 2026 03:32 pm