कारोबार

Kalyan Jewellers Share Price 7th August: जेफरीज से ‘Buy’ रेटिंग मिलते ही 5% उछल गया शेयर, 1 महीने में दिया है 60% से ज्यादा रिटर्न

kalyan Jewellers Brokerage Report: जेफरीज ने कल्याण ज्वैलर्स पर 'Buy' रेटिंग देते हुए 830 रुपये का टार्गेट तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी की फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार रणनीति और मजबूत वित्तीय स्थिति कारोबार को तेजी से बढ़ाएगी।
3 min read
Aug 07, 2026
Kalyan Jewellers Share
Kalyan Jewellers के शेयर में तेजी देखी जा रही है। (PC: AI)

Kalyan Jewellers के शेयरों में शुक्रवार को अच्छी-खासी खरीदारी देखने को मिली। विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने कंपनी पर पहली बार कवरेज शुरू करते हुए 'Buy' रेटिंग दी है और 830 रुपये का टार्गेट तय किया है। मौजूदा स्तर से यह करीब 39% की संभावित तेजी दिखाता है। रिपोर्ट के बाद कंपनी का शेयर करीब 5% चढ़कर 629 रुपये पर पहुंच गया। पिछले एक महीने में ही यह शेयर 60% से ज्यादा उछल चुका है। इसके बावजूद ब्रोकरेज को लगता है कि कंपनी की ग्रोथ जर्नी अभी लंबी है।

PC: NSE

Jefferies को क्यों है इतना भरोसा?

ब्रोकरेज के मुताबिक कल्याण ज्वैलर्स ने बड़े संगठित रिटेलर की ताकत और स्थानीय बाजार की समझ को साथ जोड़कर अलग पहचान बनाई है। यही रणनीति आगे भी कंपनी को बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद करेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण भारत के बाहर कंपनी का फ्रेंचाइजी मॉडल तेजी से काम कर रहा है। इससे कम पूंजी में नए स्टोर खोलना आसान हो रहा है और कारोबार का विस्तार भी तेज हो रहा है। जेफरीज ने यह भी कहा कि कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत है। उसके पास शुद्ध नकदी की स्थिति है, फ्री कैश फ्लो लगातार बढ़ रहा है और रिटर्न रेश्यो भी मजबूत बना हुआ है।

फेस्टिव सीजन मार्केट बनेगा सबसे बड़ा सपोर्ट

भारत में सोने के आभूषणों की करीब 60% मांग शादी-ब्याह से आती है। जेफरीज का मानना है कि कल्याण ज्वैलर्स इस मौके का पूरा फायदा उठाने की स्थिति में है। कंपनी ने शादी के सीजन को ध्यान में रखते हुए 'Muhurat' ब्रांड तैयार किया है। इसके अलावा ग्राहकों को जोड़ने और लंबे समय तक बनाए रखने के लिए अलग-अलग पहल भी कर रही है। ब्रोकरेज ने यह भी बताया कि कंपनी ने हाल ही में एक नया रीजनल ब्रांड लॉन्च किया है। आने वाले समय में अलग-अलग राज्यों के लिए स्थानीय पसंद के मुताबिक नए ब्रांड पेश किए जाएंगे, ताकि क्षेत्रीय ज्वेलर्स से मुकाबला मजबूत हो सके।

अगले तीन साल में कैसी रहेगी ग्रोथ?

जेफरीज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 से 2029 के बीच कंपनी की आय और मुनाफा 21% से 23% CAGR से बढ़ सकता है। दक्षिण भारत के बाहर तेजी से विस्तार, दक्षिण भारत में स्टेबल बिजनेस और मिडिल ईस्ट के मजबूत प्रदर्शन से कंपनी को फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा Candere और नए रीजनल ब्रांड भी भविष्य में ग्रोथ के बड़े इंजन बन सकते हैं।

तकनीकी चार्ट भी दे रहे तेजी के संकेत

मोतीलाल ओसवाल के टेक्निकल रिसर्च प्रमुख रुचित जैन के मुताबिक शेयर में हाल के दिनों में अच्छी वॉल्यूम के साथ खरीदारी बढ़ी है। 20 DEMA के पास हर गिरावट पर खरीदारी देखने को मिली है, जिससे निकट अवधि का ट्रेंड सकारात्मक बना हुआ है। उनके अनुसार 560 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट है। अगर शेयर 650 रुपये के ऊपर टिकता है तो 700 से 720 रुपये तक तेजी देखने को मिल सकती है।

FY27 के लिए क्या है कंपनी की योजना?

कल्याण ज्वैलर्स ने कहा है कि वह सेम स्टोर सेल्स में मिड से हाई सिंगल डिजिट ग्रोथ का टार्गेट लेकर चल रही है। कंपनी आगे भी फ्रेंचाइजी आधारित विस्तार पर जोर देगी, जिससे पूंजी पर बेहतर रिटर्न मिल सके। फिलहाल उसका ROCE करीब 30.3% है और इसे आगे और बेहतर बनाने की योजना है। नए शोरूम का ज्यादातर विस्तार दक्षिण भारत के बाहर होगा और अधिकतर स्टोर एसेट-लाइट फ्रेंचाइजी मॉडल पर खोले जाएंगे। इसके साथ ही Candere ब्रांड के शोरूम तेजी से बढ़ाए जाएंगे, जो हल्के और लाइफस्टाइल ज्वेलरी सेगमेंट पर फोकस करता है।

जून तिमाही में अच्छी रही कमाई

कंपनी के जून तिमाही नतीजे भी मजबूत रहे। शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 32% बढ़कर 348.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। परिचालन राजस्व 45.7% बढ़कर 10,588.9 करोड़ रुपये रहा। वहीं, EBITDA 24.5% बढ़कर 632.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
07 Aug 2026 01:51 pm
Published on:
07 Aug 2026 01:46 pm