कारोबार

AU Small Finance Bank में बड़ी हिस्सेदारी खरीदने जा रहा कोटक महिंद्रा बैंक, RBI से मिली मंजूरी

RBI ने कोटक महिंद्रा बैंक और उसके समूह को AU Small Finance Bank में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। फिलहाल कोटक फ्लेक्सीकैप फंड के पास 1.60% हिस्सेदारी है।
less than 1 minute read
May 07, 2026
Kotak Mahindra Bank
कोटक ग्रुप एयू में हिस्सेदारी खरीदेगा। (PC: AI)

कोटक महिंद्रा बैंक, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में बड़ी हिस्सेदारी खरीदने जा रहा है। AU Small Finance Bank ने गुरुवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि निजी क्षेत्र के बड़े बैंक Kotak Mahindra Bank को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से कंपनी में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी मिल गई है। AU SFB ने अपनी फाइलिंग में कहा, 'कोटक महिंद्रा बैंक, उसकी सहायक कंपनियां, उनके द्वारा मैनेज किए जाने वाले फंड्स और स्कीम्स, जिन्हें सामूहिक रूप से कोटक महिंद्रा ग्रुप कहा जाता है, को AU SFB की चुकता शेयर पूंजी या वोटिंग अधिकारों में कुल 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी मिली है।'

बैंक ने आगे कहा कि यह मंजूरी बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949, आरबीआई के दिशानिर्देशों, विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों, एसईबीआई के नियमों और अन्य लागू कानूनों और विनियमों के अनुपालन के अधीन है।

AU बैंक में है इन कंपनियों की हिस्सेदारी

मार्च तिमाही की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, कोटक फ्लेक्सीकैप फंड के पास बैंक के 1,19,97,824 शेयर यानी 1.60% हिस्सेदारी है। इसके अलावा HDFC म्यूचुअल फंड, निप्पॉन लाइफ, इनवेस्को और DSP मिडकैप जैसे बड़े फंड्स की भी बैंक में हिस्सेदारी है। वहीं SBI लाइफ इंश्योरेंस और HDFC लाइफ इंश्योरेंस जैसी बीमा कंपनियां भी निवेशक हैं।

क्या है शेयर का हाल?

गुरुवार सुबह एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का शेयर बीएसई पर 0.18 फीसदी या 2.85 रुपये की गिरावट के साथ 1021.60 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इस शेयर का 52 वीक हाई 1079 रुपये और 52 वीक लो 659 रुपये है। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर शुरुआती कारोबार में 0.84 फीसदी या 3.15 रुपये की बढ़त के साथ 379.35 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।

Published on:
07 May 2026 10:50 am