
Vaibhav Sooryavanshi Brand Value: आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को साइन करने के लिए टॉप ब्रांड्स की लाइन लगी पड़ी है। ब्रांड्स के बीच जैसा क्रेज विराट कोहली को लेकर देखा जाता है, वैसा ही इस समय वैभव सूर्यवंशी के लिए बना हुआ है। कोहली को भी 19 साल की उम्र से ही विज्ञापन मिलना शुरू हो गए थे। स्पोर्ट्स ड्रिंक से लेकर न्यूट्रीशन, क्रिकेट बैट और फुटवियर सेगमेंट की कई कंपनियां वैभव सूर्यवंशी को अपने विज्ञापन में लेना चाहती हैं। दिलचस्प बात यह है कि वैभव राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी हैं, जो फाइनल में भी नहीं पहुंच पाई। इसके बावजूद 15 साल के सूर्यवंशी की परफॉर्मेंस की सब तरफ चर्चा है।
वैभव सूर्यवंशी के करियर की बात करें, तो उन्होंने 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में एंट्री ली थी। इसके बाद साल 2025 में आईपीएल के ऑक्शन में वैभव को राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा। इस आईपीएल में वैभव ने 16 मैचों में 237.30 के स्ट्राइक रेट के साथ 776 रन बनाए हैं। उन्हें आईपीएल में ऑरेंज कैप भी मिली है।
इंडस्ट्री के अधिकारियों के अनुसार, कई टॉप ब्रांड्स सूर्यवंशी को विज्ञापनों के लिए साइन करने में लगे हैं। ईटी की एक रिपोर्ट में बताया गया कि सूर्यवंशी के सामने अभी काफी लंबा करियर है और ब्रांड्स अभी से उनके साथ जुड़कर लंबी पारी खेलना चाहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ज्यादातर ब्रांड्स वैभव के साथ 2 से 3 साल की डील चाहते हैं। प्लेयर की फरफॉर्मेंस के हिसाब से कॉन्ट्रैक्ट को बढ़ाया भी जा सकता है।
सूर्यवंशी सिर्फ 15 साल की उम्र में ही प्रीमियम एंडोर्समेंट लीग में पहुंच चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यवंशी की कमर्शियल वैल्यू पर डील 1 करोड़ रुपये के पार पहुंच सकती है। सूर्यवंशी की प्रति डील फीस इस बात पर निर्भर करेगी कि उनका परिवार उन्हें कितना व्यावसायिक एक्सपोजर देना चाहता है। वैभव इस समय हेल्थ ड्रिंक कॉम्प्लान के साथ जुड़े हैं। यह जायडस वेलनेस कंपनी की ड्रिंक है। साथ ही वैभव गूगल पे के एक ऐड में भी दिखाई दिये हैं। इसके अलावा वे झारखंड स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एम्बेसेडर भी बनाए जाएंगे।
विज्ञापन इंडस्ट्री में अभी एक वैक्यूम भी है, जिसका फायदा वैभव को मिल रहा है। बड़े प्लेयर्स अच्छा परफॉर्म नहीं कर रहे हैं। टॉप ब्रांड एंडोर्सर्स का इस आईपीएल सीजन में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इनमें मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या और लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत शामिल हैं। वहीं, सूर्यवंशी का ग्राफ तेजी से ऊपर गया है।
राजस्थान रॉयल्स, जो सूर्यवंशी के परिवार को उनकी बढ़ती लोकप्रियता और ब्रांड वैल्यू को संभालने में मदद कर रही है, इस मामले में काफी संतुलित और सावधानीपूर्ण रणनीति अपना सकती है। महज 15 साल की उम्र में सूर्यवंशी अभी अपने क्रिकेट करियर और ब्रांड पहचान, दोनों की शुरुआत में हैं। शुरुआती विज्ञापन और ब्रांड साझेदारियां संभवतः उन्हीं उत्पाद श्रेणियों तक सीमित रहेंगी, जो उनकी उम्र और व्यक्तित्व के अनुरूप हों। बता दें कि आईपीएल में 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' का पुरस्कार जीतने पर उन्हें टाटा सिएरा कार मिली है, लेकिन वह 18 साल की उम्र पूरी होने तक उसे खुद नहीं चला सकते।