23 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Infosys Q1 Result: पहली तिमाही में 12% बढ़कर 7,769 करोड़ रुपये रहा इन्फोसिस का मुनाफा, Ashiss Kumar Dash होंगे अगले CEO

Infosys Share Price: चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इन्फोसिस के मुनाफे और रेवेन्यू दोनों में डबल डिजिट की ग्रोथ दर्ज हुई है। वहीं, कंपनी का शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुआ।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jul 23, 2026

Infosys q1 results

Infosys के मुनाफे और रेवेन्यू में डबल डिजिट की ग्रोथ हुई है। (PC: AI)

Infosys Q1 Profit: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस ने जून तिमाही में मजबूत परफॉर्म किया है। कंपनी का मुनाफा और राजस्व दोनों में डबल डिजिट की ग्रोथ दर्ज हुई है। इसके साथ ही कंपनी ने अपने अगले CEO का भी ऐलान कर दिया है। मौजूदा CEO सलील पारेख का कार्यकाल पूरा होने के बाद अप्रैल 2027 से आशीष कुमार दास कंपनी की कमान संभालेंगे। साथ ही कंपनी का शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुआ है।

पहली तिमाही में मुनाफा 12% बढ़ा

इंफोसिस ने वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 7,769 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 6,921 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा 12 फीसदी बढ़ा है। सिर्फ मुनाफा ही नहीं, कंपनी के रेवेन्यू में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। ऑपरेशंस से मिलने वाला रेवेन्यू 14 फीसदी बढ़कर 48,211 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 42,279 करोड़ रुपये था।

अप्रैल 2027 से बदल जाएंगे कंपनी के सीईओ

इंफोसिस के बोर्ड ने आशीष कुमार दास को नया सीईओ नियुक्त किया है। कंपनी ने बताया कि शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद वे 1 अप्रैल 2027 से मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO का पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल पांच साल का होगा। वे मौजूदा सीईओ सलील पारेख की जगह लेंगे, जिनका दूसरा कार्यकाल अप्रैल 2027 में पूरा होगा। सलील पारेख 9 साल से अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व कर चुके होंगे।

कौन हैं आशीष कुमार दास?

आशीष कुमार दास इंफोसिस में तीन दशक से ज्यादा समय से जुड़े हुए हैं। फिलहाल वह कंपनी के कई वैश्विक बिजनेस वर्टिकल्स की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा कंपनी के सस्टेनेबिलिटी बिजनेस का नेतृत्व भी उनके पास है। अपने लंबे करियर में उन्होंने ग्राहक प्रबंधन, डिलीवरी, ग्लोबल ऑपरेशंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई अहम पदों पर काम किया है। कंपनी का कहना है कि उन्होंने लगातार मजबूत बिजनेस प्रदर्शन दिया है और दुनिया भर में बेहतर टीमों का निर्माण किया है।

AI के दौर में होगी नई जिम्मेदारी

इंफोसिस के मुताबिक, आशिष कुमार दास के पास बिजनेस रणनीति, टेक्नोलॉजी और बड़े पैमाने पर वैश्विक संचालन का लंबा अनुभव है। कंपनी को भरोसा है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित बदलाव के अगले दौर में इंफोसिस को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगे। बोर्ड का मानना है कि उनकी तकनीकी समझ और व्यावसायिक अनुभव कंपनी की आगे की ग्रोथ को गति देने में मदद करेगा।

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर

इन्फोसिस का शेयर आज गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ है। कंपनी का शेयर एनएसई पर 0.45 फीसदी या 4.70 रुपये की गिरावट के साथ 1047.40 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर ने 1 हफ्ते में 2.73 फीसदी, 1 महीने में 2.29 फीसदी, इस साल अब तक -35.40 फीसदी, 1 साल में -33.13 फीसदी और 3 साल में -20.93 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर का 52 वीक हाई 1728 रुपये है, जो 3 फरवरी 2026 को दर्ज हुआ था। वहीं, 52 वीक लो 982.40 रुपये है, जो 1 जुलाई 2026 को दर्ज हुआ था।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)