
LPG Price Hike: पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव खत्म होते ही आम आदमी को बड़ा झटका लगा है। 19 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की है। यह 1 मई से लागू हो जाएगी। इसी के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलो के सिलेंडर की कीमत 3,071.50 रुपये हो गई। पहले यह 2,078.50 रुपये थी। जबकि 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसके साथ ही घरेलू सिलेंडर की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं।
मुंबई में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,024 रुपये हो गई है, जो कि पहले 2,031 रुपये थी। कोलकाता में 994 रुपये का इजाफा हुआ है। यहां पर सिलेंडर की कीमत 2,208 से बढ़कर 3,202 हो गई है। इसी तरह चेन्नई में भी 3,237 रुपये का सिलेंडर हो गया है। पहले यह 2,245.50 रुपये का था।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से 19 किलोग्राम के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में तीन बार बढ़ोतरी हो चुकी है। पहली बार मार्च में 144 रुपये बढ़ाए थे। इसके बाद 1 अप्रैल को करीब 200 रुपये की वृद्धी हुई और अब 993 रुपये का इजाफा हुआ है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG (14.2 किलो सिलेंडर) की कीमतें यथावत रखी गई हैं, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से पूरी तरह सुरक्षा दी गई है।
IOC ने कहा कि घरेलू LPG (14.2 किलो) की कीमतों में 33 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। उसने आगे बताया कि लगभग 80% पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे अधिकांश उपभोक्ताओं को स्थिरता मिली है।
IOC ने कहा कि ये सभी कदम तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में उठाए गए हैं, ताकि वैश्विक बाजार के रुझानों के अनुसार संतुलन बनाया जा सके और घरेलू उपभोक्ताओं की सुरक्षा तथा आर्थिक स्थिरता बनी रहे।