LPG Price: एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1 अक्टूबर से बढ़ गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा कर दिया है।
LPG Price Today: दशहरा से पहले महंगाई का एक बड़ा झटका लगा है। एक अक्टूबर से एलपीजी महंगी हो गई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ा दी हैं। दाम में बढ़ोतरी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर में हुई है। यह गैस सिलेंडर 16 रुपये महंगा हो गया है। नई कीमतें आज से यानी 1 अक्टूबर से लागू हो गई हैं। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 1595 रुपये में मिल रहा है। यह पहले 1580 रुपये में मिल रहा था। कोलकाता में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1700 रुपये में मिल रहा है। चेन्नई में यह गैस सिलेंडर 1754 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़त 1547 रुपये हो गई है।
| शहर | 19 Kg कमर्शियल LPG सिलेंडर कीमत (₹) |
|---|---|
| दिल्ली | 1595 |
| कोलकाता | 1700 |
| चेन्नई | 1754 |
| मुंबई | 1547 |
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई भी बदलाव नहीं किया है। दिल्ली में यह गैस सिलेंडर 853 रुपये में मिल रहा है। कोलकाता में यह 879 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में 852.50 रुपये में मिल रहा है। वहीं, चेन्नई में 868.50 रुपये में मिल रहा है।
| शहर | 14.2 Kg घरेलू LPG सिलेंडर कीमत (₹) |
|---|---|
| दिल्ली | 853 |
| कोलकाता | 879 |
| मुंबई | 852.50 |
| चेन्नई | 868.50 |
1 अक्टूबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। इसकी कीमत में औसतन 3,052.5 रुपये प्रति किलोलीटर की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में घरेलू एयरलाइंस कंपनियों के लिए एटीएफ की कीमत बढ़कर 93,766.02 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। मुंबई में यह 87,714.39 रुपये प्रति किलोलीटर है। यह कीमत कोलकाता में 96,816.58 रुपये प्रति किलोलीटर और चेन्नई में 97,302.14 रुपये प्रति किलोलीटर है।