कारोबार

Multibagger Stocks: पोर्टफोलियो चमकाने वाले 4 मल्टीबैगर शेयर! 3,800% का दिया धमाकेदार रिटर्न

शेयर बाजार से मुनाफा कमाना है तो लंबी अवधि के लिए निवेश करना होगा, इन 4 मल्टीबैगर्स ने ये साबित किया है।
3 min read
Jan 15, 2026
Feature image
निवेशकों को मोटा मुनाफा कमाकर देने वाले शेयर (PC: Canva)

बीते साल 2025 ने निवेशकों के पोर्टफोलियो की खूब परीक्षा ली है। शेयरों में तेज गिरावट और फिर तेज उछाल देखने को मिले। इनमें कुछ शेयर ऐसे भी रहे हैं, जिन्होंने निवेशकों जमकर मुनाफा बनाकर दिया है। सही मायने में ये मल्टीबैगर शेयर हैं। हम यहां पर आपको 4 ऐसे ही स्टॉक्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने 5 साल की अवधि में 600% से लेकर 3,800% का धमाकेदार रिटर्न दिया है। इस बात पर नजर रहेगी कि क्या साल 2026 में भी ये शेयर निवेशकों को बढ़िया रिटर्न देंगे।

1- GE Vernova T&D

ये कंपनी भारत में GE के ग्रिड सॉल्यूशंस कारोबार की लिस्टेड यूनिट है। यह पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन के क्षेत्र में 100 साल से ज्यादा समय से काम कर रही है। ये जेनरेशन स्रोतों से बिजली को ग्रिड पर जोड़ने और निकालने के लिए कई तरह के सॉल्यूशंस मुहैया करती है। 30 जून 2008 को लिस्ट हुई इस कंपनी ने अपने निवेशकों को दमदार रिटर्न दिया है।

एक साल में इस कंपनी ने निवेशकों को 48% तक का रिटर्न दिया है। हालांकि इस महीने यानी जनवरी में ये शेयर 11% के करीब नीचे आ चुका है। लेकिन लंबी अवधि में इस स्टॉक ने अपने निवेशकों को काफी पैसा बनाकर दिया है।
आज से पांच साल में 2,100% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। जनवरी 2021 में ये शेयर 122-125 रुपये के बीच था, जबकि 14 जनवरी, 2026 को इसका क्लोजिंग प्राइस 2,792 रुपये था।

इस स्टॉक ने 9 अप्रैल, 2025 को 1,254 रुपये का 52वीक लो बनाया था, लेकिन 5 महीने बाद ही इस स्टॉक ने 3 नवंबर, 2025 को 3,323.80 का 52वीक हाई भी बनाया। यानी इस स्टॉक के लिए गुजरा साल काफी उतार चढ़ाव भरा रहा है।

2- Ashapura Minechem

कंपनी कई खनिजों और उनके डेरिवेटिव प्रोडक्ट्स की माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग का काम करती है। कंपनी साबुन से इस्पात, ऊर्जा से खाद्य तेल, धातु से दवा और सीमेंट से सिरेमिक तक कई उद्योगों के लिए मल्टी-मिनरल सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। कंपनी का कामकाज भारत के अलावा 7 देशों में फैला हुआ है।

बीते एक साल में इस स्टॉक ने अपने निवेशकों को 96% का दमदार रिटर्न दिया है। हालांकि इस महीने अबतक ये 1.5% के करीब गिर चुका है। मगर 5 साल की लंबी अवधि में इसने निवेशकों को मालामाल किया है। जनवरी 2025 से लेकर अबतक इसने 651% का रिटर्न दिया है।

इस स्टॉक ने 11 मार्च, 2025 को 301.60 रुपये का 52वीक लो बनाया था और इसी साल 7 जनवरी 2026 को 924.90 रुपये का हाई बनाया था। यानी ये अपने 52वीक लो से 207% चढ़ चुका है।

3- Gokul Agro Resources

कंपनी कई तरह के एडिबल और नॉन-एडिबल तेलों और मील्स की मैन्युफैक्चरिंग और प्रोसेसिंग में जुड़ी है। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट गुजरात में गांधीधाम में है। इसकी एडिबल ऑयल कैटेगरी में विटालाइफ, महक और ज़ायका जैसे ब्रांड शामिल हैं। वनस्पति श्रेणी में रिचफील्ड एवं पफप्राइड जैसे ब्रांड शामिल हैं।

इस स्टॉक ने अपने निवेशकों को मोटा पैसा बनाकर दिया है, हालांकि बीते एक साल से इस स्टॉक का रिटर्न निगेटिव या जीरो है। इस महीने भी ये स्टॉक हल्की सुस्ती दिखा रहा है। मगर लंबी अवधि में इस कंपनी का रिटर्न धमाकेदार है। बीते 5 साल में इस कंपनी ने 1,300% का दमदार रिटर्न दिया है।

अब जरा, इस स्टॉक की चाल देखिए- 7 अप्रैल 2025 को इसने 96.55 रुपये का 52वीक लो बनाया था। मगर सिर्फ 8 महीने में ही ये स्टॉक 221.50 रुपये पर पहुंच गया, जो कि इसका 52वीक हाई है, मतलब 130% का रिटर्न।

4- Jeena Sikho Lifecare

जीना सिखो लाइफकेयर भारत की प्रमुख आयुर्वेदिक हेल्थकेयर सेवा देने वाली कंपनियों में से एक है। यह कंपनी पिछले दस सालों से हेल्थकेयर सेवाएं दे रही है। इसके भारत के 21 राज्यों और 100 से ज्यादा शहरों में 36 अस्पतालों और 74 क्लिनिक, डेकेयर सेंटर्स का नेटवर्क है। बीते एक साल में इस शेयर ने निवेसकों को 66% का रिटर्न दिया है। इस महीने यानी जनवरी में अबतक ये शेयर 7.6% चढ़ चुका है। 5 साल में इसने 3,822% का धमाकेदार रिटर्न दिया है।

इस स्टॉक ने 18 फरवरी, 2025 को 280 रुपये का 52वीक लो बनाया, लेकिन 7 महीने में इसने 23 सितंबर, 2025 को 849.50 का 52वीक हाई भी बना लिया। मतलब 200% से ज्यादा का रिटर्न।

डिस्क्लेमर: बताए गए शेयरों में किसी में भी खरीदने या बेचने की सलाह नहीं है। ये सिर्फ डेटा बेस्ड रिसर्च है। निवेश का कोई भी फैसला आप अपनी रिसर्च के आधार पर करें।

Updated on:
15 Jan 2026 11:35 am
Published on:
15 Jan 2026 11:34 am