कारोबार

Personal Finance Tips: आपकी मेहतन की कमाई को डुबो सकती हैं ये 6 गलत आदतें, आज से ही संभल जाएं

Financial Tips: संपत्ति सिर्फ कमाने से सुरक्षित नहीं रहती, उसे सही प्लानिंग से बचाया भी जाता है। वसीयत न बनाना, जरूरत से ज्यादा खर्च, कर्ज पर निर्भर रहना, बीमा की अनदेखी, निवेश में विविधता की कमी और परिवार से देनदारियां छिपाना आपकी पीढ़ियों की कमाई को खतरे में डाल सकता है।

3 min read
Apr 09, 2026
समय पर वसीयत तैयार कर लेनी चाहिए। (PC: AI)

Financial Tips: पैसा कमाना मुश्किल है, लेकिन उससे भी ज्यादा मुश्किल है उसे संभालकर रखना। कई लोग जिंदगी भर कमाते हैं, निवेश करते हैं, घर-जमीन जोड़ते हैं, सोना खरीदते हैं, बैंक बैलेंस बनाते हैं। लेकिन जब बात आती है उस संपत्ति को सुरक्षित रखने की, तो वहीं सबसे बड़ी चूक हो जाती है। सच यह है कि दौलत अक्सर बाजार से नहीं, अपनी ही खराब वित्तीय आदतों से बर्बाद होती है। हर परिवार को सिर्फ कमाई या निवेश नहीं, बल्कि वेल्थ प्रोटेक्शन पर भी ध्यान देना चाहिए। अगर आज पैसे को लेकर आपकी आदतें सही नहीं हैं, तो कल आपके बच्चों और परिवार को उसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

ये भी पढ़ें

Multibagger Stocks: एक खबर आते ही आज 15% उछल गया यह डिफेंस स्टॉक, 5 साल में दिया है 2320% रिटर्न, जानिए क्या बनाती है कंपनी

सबसे बड़ी भूल: पैसा है, लेकिन प्लान नहीं

कई परिवारों में यह मान लिया जाता है कि अगर बैंक बैलेंस, प्रॉपर्टी, सोना या निवेश है, तो सब ठीक है। लेकिन असली सवाल यह है कि अगर कल कुछ हो गया, तो यह सब किसे और कैसे मिलेगा? यहीं से शुरू होती है सबसे बड़ी गड़बड़ी। कई बार लोग पूरी जिंदगी संपत्ति जोड़ते रहते हैं, लेकिन वसीयत नहीं बनाते, ट्रस्ट नहीं बनाते, परिवार से पैसों की बात नहीं करते, कर्ज और देनदारियां छिपाकर रखते हैं। नतीजा? बाद में परिवार के लोग अंदाजे लगाते रह जाते हैं और मेहनत की कमाई कानूनी झंझट, गलत कागजों या पारिवारिक विवाद में फंस जाती है।

ये 6 आदतें पहुंचाएगी नुकसान

एस्टेट प्लानिंग को नजरअंदाज करना

यह सबसे आम और सबसे खतरनाक गलती है। लोग निवेश तो कर लेते हैं, लेकिन यह तय नहीं करते कि उनके बाद उनकी संपत्ति का क्या होगा। अगर आपने वसीयत (Will) या सही कानूनी दस्तावेज नहीं बनाए, तो आपकी कमाई हुई संपत्ति पर बाद में विवाद, देरी या कानूनी रुकावटें आ सकती हैं। आपके पास चाहे जो भी एसेट हो- शेयर, म्यूचुअल फंड, सोना, जमीन-जायदाद, बैंक लॉकर, एफडी या बीमा पॉलिसी। इन सबकी जानकारी परिवार के भरोसेमंद लोगों को होनी चाहिए। “सब समझ जाएंगे” वाला भरोसा बाद में अक्सर भारी पड़ता है।

चादर से बाहर पैर फैलाना

आज की जिंदगी में दिखावा बहुत महंगा पड़ता है। महंगी कार, ब्रांडेड कपड़े, फालतू लग्जरी, बार-बार बाहर का खर्च, छुट्टियों पर जरूरत से ज्यादा पैसा उड़ाना। यह सब देखने में भले अच्छा लगे, लेकिन धीरे-धीरे यह आपकी बचत और भविष्य दोनों को खा जाता है। अगर आप आज ही हर चीज पर जरूरत से ज्यादा खर्च कर देंगे, तो कल बच्चों के लिए, रिटायरमेंट के लिए या परिवार की सुरक्षा के लिए क्या बचेगा? जहां तक हो सके, ऐसे खर्चों से बचें जो समय के साथ वैल्यू घटाते हैं। इसके बजाय पैसा उन चीजों में लगाएं जो लंबी अवधि में वैल्यू बढ़ा सकती हैं। जैसे: इक्विटी, बॉन्ड, म्यूचुअल फंड, सोना, अच्छी लोकेशन की प्रॉपर्टी आदि।

हर जरूरत का जवाब क्रेडिट कार्ड और लोन समझ लेना

आजकल लोन लेना बहुत आसान हो गया है। बस ऐप खोलिए, क्लिक कीजिए, पैसा खाते में। लेकिन यही आसानी आगे चलकर मुसीबत बन जाती है। जब लोग हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए पर्सनल लोन, क्रेडिट कार्ड, EMI या Buy Now Pay Later का सहारा लेने लगते हैं, तो ब्याज धीरे-धीरे जेब खाली करने लगता है। सबसे खतरनाक चीज है कंपाउंड इंटरेस्ट। अगर यह आपके निवेश पर काम करे तो वरदान है। अगर यह आपके कर्ज पर चढ़ जाए, तो मुसीबत है। इसलिए कर्ज लेने से पहले सिर्फ EMI मत देखिए, यह भी देखिए कि कुल मिलाकर आप कितना चुकाने वाले हैं।

हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस को “बाद में देखेंगे” वाली चीज समझना

भारत में बहुत से लोग तब तक बीमा नहीं लेते, जब तक कोई बड़ी मेडिकल इमरजेंसी या परिवार में कोई झटका न आ जाए और तब तक अक्सर बहुत देर हो चुकी होती है। अगर आपके पास पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है। सही टर्म लाइफ इंश्योरेंस नहीं है। घर या प्रॉपर्टी के लिए सुरक्षा नहीं है, तो एक बड़ा मेडिकल बिल या अचानक आई पारिवारिक दुर्घटना आपकी सालों की जमा पूंजी हिला सकती है। साफ बात यह है कि इंश्योरेंस निवेश नहीं, सुरक्षा कवच है।

सारा पैसा एक ही जगह फंसा देना

कुछ लोग सिर्फ प्रॉपर्टी में पैसा लगाते हैं। कुछ सिर्फ एफडी में। कुछ सिर्फ शेयर में और कुछ सिर्फ सोना खरीदते रहते हैं। यह तरीका लंबे समय में जोखिम बढ़ा देता है। अगर आपका पैसा सिर्फ एक ही एसेट क्लास में है, तो बाजार, ब्याज दर, महंगाई या किसी वैश्विक तनाव का सीधा असर आपकी पूरी वित्तीय स्थिति पर पड़ सकता है। इसलिए निवेश में डाइवर्सिफिकेशन जरूरी है। यानी पैसा अलग-अलग जगह होना चाहिए, ताकि एक जगह नुकसान हो, तो दूसरी जगह संतुलन बना रहे। साथ ही, पोर्टफोलियो को सालों तक बिना देखे छोड़ देना भी गलती है। जो निवेश पांच साल पहले सही था, जरूरी नहीं कि आज भी वही सही हो।

परिवार से कर्ज और देनदारियां छिपाना

यह आदत सबसे ज्यादा नुकसान करती है, क्योंकि इसका असर सिर्फ आप पर नहीं, आपके बाद पूरे परिवार पर पड़ता है। बहुत से लोग परिवार को यह नहीं बताते कि उन पर पर्सनल लोन है, क्रेडिट कार्ड का बकाया है, बिजनेस लोन है या किसी को निजी उधार देना या लेना बाकी है। ऊपर से बाहर से सब कुछ सामान्य दिखता रहता है, लेकिन जैसे ही कोई अनहोनी होती है, परिवार के सामने एक साथ कई बिल, EMI और देनदारियां खड़ी हो जाती हैं। जो संपत्ति बच्चों और परिवार की सुरक्षा के लिए होनी चाहिए थी, वही कर्ज चुकाने में निकल जाती है। इसलिए पैसों के मामले में ईमानदारी और पारदर्शिता बहुत जरूरी है।

ये भी पढ़ें

सैलरी में देरी और जॉब कट की मजबूरी… संकट में है भारत की एक और एयरलाइन

Published on:
09 Apr 2026 04:51 pm
Also Read
View All