कारोबार

Petrol-Diesel और ATF पर सरकार ने बढ़ाया विंडफॉल टैक्स, जानिए आपके शहर में क्या हैं आज फ्यूल के रेट

Windfall Tax Impact: केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और जेट फ्यूल के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स बढ़ाया है। डीजल पर 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। नई दरें 3 अगस्त से लागू हैं, लेकिन इसका असर देश में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों पर नहीं पड़ेगा।
2 min read
Aug 04, 2026
Petrol Diesel Price Update
Petrol पर Windfall Tax बढ़ाया गया। (फोटो: Ani)

Petrol Diesel Price Today 4 August 2026: केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और जेट फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बड़ा इजाफा किया है। हालांकि, आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि इसका सीधा असर देश में पेट्रोल-डीजल के दामों पर नहीं पड़ेगा। यह टैक्स सिर्फ विदेश में तेल बेचने वाली कंपनियों पर लगता है, इंपोर्ट पर नहीं। वित्त मंत्रालय की नई अधिसूचना के मुताबिक ये दरें 3 अगस्त से लागू हो चुकी हैं। इसी बीच देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम 25 मई के बाद से स्थिर हैं।

Petrol Diesel पर कितना बढ़ा टैक्स

वित्त मंत्रालय के नोटिफिकेशन के मुताबिक, पेट्रोल के निर्यात पर टैक्स 2.5 रुपये से बढ़ाकर 3.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। डीजल पर टैक्स में सबसे बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जो 15.5 रुपये से बढ़कर 25.5 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यानी इसमें करीब 10 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, जेट फ्यूल (ATF) पर टैक्स 14.5 रुपये से बढ़ाकर 22 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। सोमवार देर शाम आई इस जानकारी के मुताबिक नई दरें 3 अगस्त से लागू हो चुकी हैं।

देशभर में 4 अगस्त को कितनी है Petrol Diesel की प्राइस

शहरपेट्रोल (₹/लीटर)डीजल (₹/लीटर)
नई दिल्ली₹102.12₹95.20
मुंबई₹111.18₹97.83
कोलकाता₹113.51₹99.82
चेन्नई₹107.76₹99.55
गुरुग्राम₹102.97₹95.64
नोएडा₹101.89₹95.37
बेंगलुरु₹111.68₹99.56
भुवनेश्वर₹109.33₹101.02
चंडीगढ़₹101.54₹89.47
हैदराबाद₹115.69₹103.82
लखनऊ₹101.86₹95.36
पटना₹113.37₹99.36
जयपुर₹112.69₹97.78
तिरुवनंतपुरम₹115.49₹104.40

सरकार ने ऐसा फैसला क्यों लिया?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सरकार ने यह कदम उठाया है। सरकार का कहना है कि इसका मकसद देश में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और निर्यात के जरिए कमाए जाने वाले अनुचित मुनाफे पर रोक लगाना है। पेट्रोल पर टैक्स बढ़ाकर सरकार चाहती है कि देश से पेट्रोल निर्यात होकर बाहर कम जाए। सरकार हर 15 दिन में पेट्रोलियम उत्पादों के स्टॉक और कमाई की समीक्षा के आधार पर विंडफॉल टैक्स की दरें बदलती रहती हैं। 16 जुलाई को डीजल पर शुल्क 8.5 रुपये से बढ़ाकर 15.5 रुपये और ATF पर 7.5 रुपये से बढ़ाकर 14.5 रुपये किया गया था।

Petrol Diesel के Exports में आया उछाल

एनालिटिक्स फर्म Kpler के शिपिंग डेटा के अनुसार, जुलाई 2026 में भारत का निर्यात एक साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। भारत ने जुलाई में पेट्रोल, डीजल और अन्य रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का औसतन 15.3 लाख बैरल प्रतिदिन (bpd) निर्यात किया, जो पिछले 12 महीनों के औसत से 27 फीसदी अधिक है। Kpler के रिफाइनिंग लीड एनालिस्ट निखिल दुबे के मुताबिक, ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि रूस के डीजल निर्यात पर पाबंदिया लगी हैं। इसके अलावा यूरोप में डीजल की कमी और मजबूत डीजल मार्जिन के चलते भारतीय रिफाइनरियों को निर्यात का बड़ा मौका मिला।

Updated on:
04 Aug 2026 09:40 am
Published on:
04 Aug 2026 09:40 am