कारोबार

Wife के साथ Post Office RD में निवेश कर कैसे बनाएं 1 करोड़ का फंड? समझिए कैलकुलेशन

Post Office RD Interest Rate: डाकघर की आरडी स्कीम में इस समय 6.7 फीसदी सालाना ब्याज दर ऑफर हो रही है। सरकारी हर तीन महीने में ब्याज दर तय करती है।
2 min read
Aug 10, 2026
Post Office RD Calculator
Post Office RD में निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है। (PC: AI)

Post Office RD Calculator: जब पति और पत्नी दोनों वर्किंग हों, तो निवेश के लिए पैसे बचाना आसान हो जाता है। हालांकि, इसके लिए भी वित्तीय अनुशासन की जरूरत होती है। डबल इनकम का मतलब यह नहीं है कि खर्चा भी डबल कर दिया जाए। बल्कि यह निवेश को डबल करने का मौका होता है। ज्यादा पैसे घर में आ रहे हैं, तो ज्यादा निवेश किया जाए, जिससे वित्तीय स्वतंत्रता और अर्ली रिटायरमेंट जैसे लक्ष्य हासिल किये जा सकें। यहां बहुत से कपल यह गलती करते हैं कि वे अपनी सारी सेविंग्स रिस्की शेयरों में लगा देते हैं। ऐसे में कई बार मुनाफा मिलना तो दूर, मूल रकम भी कम हो जाती है।

Post Office RD में नहीं है निवेश की कोई अधिकतम सीमा

जब पति-पत्नी दोनों कमा रहे हैं, तो आपके पास निवेश करने लायक रकम बढ़ जाती है। ऐसे में आप सुरक्षित निवेश विकल्पों के जरिए भी एक बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। अगर आप चाहें, तो पोस्ट ऑफिस आरडी से भी 1 करोड़ का फंड तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आप दोनों मिलकर पोस्ट ऑफिस आरडी में जॉइंट अकाउंट खुलवा सकते हैं। पोस्ट ऑफिस आरडी में न्यूनतम 100 रुपये महीने से निवेश शुरू कर सकते हैं। वहीं, निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है।

Post Office RD में लोन की भी है सुविधा

पोस्ट ऑफिस आरडी एक सरकार समर्थित योजना है। ऐसे में यह एक सुरक्षित निवेश स्कीम है। सरकार हर तीन महीने में इस योजना पर ब्याज दर तय करती है। इस समय इस स्कीम में 6.7 फीसदी सालाना ब्याज दर ऑफर हो रही है। पोस्ट ऑफिस आरडी अकाउंट में लोन की सुविधा भी मिलती है। इस अकाउंट की मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। लेकिन आवेदन देकर इसे 5 साल के लिए और आगे बढ़ाया जा सकता है।

कैसे बनेगा 1 करोड़ का फंड

अगर आप पोस्ट ऑफिस आरडी खाते में हर महीने 60,000 रुपये डालें, तो 10 साल में 1 करोड़ रुपये से अधिक का फंड तैयार कर सकते हैं। पति और पत्नी दोनों अपनी-अपनी सैलरी से हर महीने 30-30 हजार रुपये बचाएं और कुल 60 हजार रुपये हर महीने पोस्ट ऑफिस आरडी खाते में डाल दें। 5 साल की मैच्योरिटी के बाद इस अवधि को 5 साल के लिए और बढ़ा लें।

विवरणआंकड़ा
हर महीने कुल निवेश₹60,000
पति का मासिक निवेश₹30,000
पत्नी का मासिक निवेश₹30,000
निवेश की अवधि5+5= 10 साल
कुल निवेश राशि₹72,00,000
ब्याज दर6.7% सालाना
10 साल में ब्याज से कमाई₹30,51,267
10 साल बाद कुल फंड₹1,02,51,267

इस तरह 10 साल तक निवेश करने पर आपके पास कुल 1,02,51,267 रुपये का फंड तैयार हो जाएगा। इस फंड में 72,00,000 रुपये आपकी निवेश राशि होगी। वहीं, 30,51,267 रुपये ब्याज आय होगी।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
10 Aug 2026 01:30 pm
Published on:
10 Aug 2026 01:30 pm